खबरें शेयर करें -

देहरादून में बड़ा खुलासा: बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, फर्जी आधार–पैन–वोटर आईडी समेत कई दस्तावेज बरामद।
दर्पण न्यूज 24/7ब्यूरो देहरादून।
राजधानी देहरादून में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटेलनगर थाना क्षेत्र से एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है, जो पिछले चार साल से अवैध रूप से भारत में रह रही थी। आरोपी महिला के पास से तीन फर्जी वोटर कार्ड, एक फर्जी पैन कार्ड, एक फर्जी आधार कार्ड, दो जन्म प्रमाण पत्र, मोबाइल फोन, बांग्लादेशी दवाइयों का पत्ता और बांग्लादेश का राष्ट्रीय पहचान पत्र की फोटोप्रति बरामद हुई है।
स्थानीय अभिसूचना इकाई से मिली जानकारी के आधार पर आईएसबीटी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संस्कृति लोक कॉलोनी, हरिद्वार बाइपास क्षेत्र में दबिश दी और मौके से सुबेदा बेगम (40) पुत्री सादिक मिया, निवासी ग्राम राजा कादूपुर, थाना बनियाचांग, बांग्लादेश को हिरासत में लिया।
❗ बिना पासपोर्ट तारबाड़ के नीचे से घुसी भारत में
पूछताछ में महिला ने कबूल किया कि वह कोविड लॉकडाउन के दौरान बिना पासपोर्ट सीमा पार कर भारत में घुसी थी। पहले पश्चिम बंगाल में रही, फिर देहरादून आकर बस गई और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जनसेवा केंद्रों से फर्जी भारतीय दस्तावेज तैयार कराए।
📌 फर्जी आईडी का बड़ा नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला के पास अलग–अलग नाम और पते पर जारी किए गए वोटर आईडी, पैन कार्ड, आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र मौजूद हैं। बरामद मोबाइल में बांग्लादेश सरकार का राष्ट्रीय पहचान पत्र मिलने से उसकी विदेशी नागरिकता पुष्टि हुई।
⚖️ इन धाराओं में मुकदमा दर्ज
महिला पर
धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस,
विदेशी अधिनियम 1946 की धारा 14,
और पासपोर्ट अधिनियम 1967 की धारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
🔍 CSC संचालकों पर भी गिरेगी गाज
जिन जनसेवा केंद्रों से फर्जी दस्तावेज तैयार हुए, उनके संचालकों और संबंधित बीएलओ की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

उत्तराखंड