खबरें शेयर करें -

राष्ट्रीय मॉडर्न पेंटाथलॉन चैंपियनशिप में रघुवर दत्त जोशी का स्वर्णिम प्रदर्शन, दो गोल्ड मेडल जीतकर बढ़ाया उत्तराखंड का मान!
हल्दूचौड़। अहमदाबाद में आयोजित मॉडर्न पेंटाथलॉन राष्ट्रीय चैंपियनशिप-2026 में उत्तराखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ी रघुवर दत्त जोशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। बैक-टू-बैक दो गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
हल्दूचौड़ क्षेत्र के ग्राम हिम्मतपुर चौमवाल निवासी रघुवर दत्त जोशी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण का परिचय दिया है।
गौरतलब है कि हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आदर्श प्रेस क्लब हल्दूचौड़, नैनीताल एवं दर्पण न्यूज 24/7 उत्तराखंड द्वारा क्षेत्र की विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किए जाने के दौरान रघुवर दत्त जोशी को भी सम्मानित किया गया था। हालांकि उस समय वह राष्ट्रीय मॉडर्न पेंटाथलॉन चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए अहमदाबाद गए हुए थे, जिसके चलते यह सम्मान उनके माता-पिता एवं धर्मपत्नी को प्रदान किया गया था।
रघुवर दत्त जोशी की इस अभूतपूर्व सफलता पर क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी तथा उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

उत्तराखंड