








🔴 पेयजल कनेक्शन में लापरवाही पर डीएम सख्त, एक सप्ताह में समाधान के निर्देश।
दर्पण न्यूज 24/7
हल्द्वानी।
जिले में पेयजल कनेक्शन न मिलने की लगातार शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला जल एवं स्वच्छता मिशन नैनीताल की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी कैंप कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता स्वयं जिलाधिकारी ने की। बैठक में विधायक कालाढुंगी बंशीधर भगत एवं विधायक लालकुआं मोहन सिंह बिष्ट भी मौजूद रहे।
बैठक का संचालन करते हुए जल जीवन मिशन के नोडल अधिकारी विशाल सक्सेना ने बताया कि मिशन के अंतर्गत कुल 152 कार्य बजट के अभाव में अब तक अपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पाइपलाइन पेयजल योजनाओं की एकल एवं बहुल ग्रामीण योजनाओं की आईडी शीघ्र बनाई जानी हैं, जिसके लिए राज्य व जिला जल एवं स्वच्छता मिशन द्वारा तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं।
बैठक में देवला तल्ला पजाया, देवला मल्ला पजाया एवं बागजाला पेयजल योजना से जुड़े वन प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही, योजनाओं के अंतर्गत खोदी गई सड़कों के निस्तारण को लेकर शीघ्र बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने ग्रामीण सड़कों पर अधूरे डामरीकरण का मुद्दा उठाया। नोडल अधिकारी ने बताया कि बजट की कमी के चलते लोक निर्माण विभाग द्वारा डामरीकरण कार्य नहीं कराया जा सका है, हालांकि बजट मिलते ही शेष कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
विधायक बंशीधर भगत ने गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि कई क्षेत्रों में पेयजल योजनाएं संचालित होने के बावजूद उपभोक्ताओं को आज तक पूर्ण जल कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। उन्होंने हल्द्वानी विकासखंड के देवलचौड़, हरिपुर नायक, ईसानगर, पनियाली, भीमताल के रसोल, खेरोला पांडे, गंगरेटी, ओखलकांडा के आम, हरीशताल, चमोली गंजा, साल, मठेला, रामगढ़ के बसगांव तथा धारी क्षेत्र के बबियाड़, च्यूरीगार, दुधली सहित कई गांवों का उल्लेख किया।
इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रोष व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल पाइपलाइन बिछाना ही नहीं, बल्कि उसका सफल संचालन और आमजन तक पेयजल पहुंचाना अनिवार्य है। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत पेयजल विभाग को तत्काल ठोस कार्ययोजना तैयार कर पेयजल विहीन परिवारों को शीघ्र पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी आदेश दिए कि सभी प्राथमिक विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तय समयसीमा के भीतर पेयजल कनेक्शन अनिवार्य रूप से दिए जाएं।
इसके साथ ही नोडल अधिकारी को निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह के भीतर लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर खोदी गई सड़कों के डामरीकरण एवं निस्तारण को लेकर पुनः बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
