खबरें शेयर करें -

एसटीएच की बदहाली पर डीएम का पारा चढ़ा, बोले- क्या अपने बच्चों को ऐसे गंदे बेड पर रखेंगे?

रैन बसेरे से वार्डों तक अव्यवस्थाओं का अंबार, मरीजों की शिकायतों ने खोली अस्पताल प्रशासन की पोल; बाहर से दवाएं लिखने पर भी डीएम सख्त!

दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी।

कुमाऊं के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शुमार सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसटीएच) की व्यवस्थाएं एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। जिस अस्पताल पर कुमाऊं के पहाड़ से लेकर तराई-भाबर तक के लाखों लोगों के उपचार की जिम्मेदारी है, वहां मरीजों को साफ बिस्तर और बेहतर बुनियादी सुविधाएं तक नसीब नहीं हो पा रही हैं। अस्पताल की बदहाली का आलम यह है कि निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल भी व्यवस्थाएं देखकर अपना आपा खो बैठे। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को खरी-खरी सुनाते हुए सवाल दागा- “क्या अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे?”

दरअसल, एसटीएच में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिलाधिकारी ने गुरुवार को अचानक अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान रैन बसेरे की गंदगी, वार्डों की अव्यवस्थाएं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की स्थिति देखकर वे खासे नाराज नजर आए। निरीक्षण में सामने आई बदइंतजामी ने अस्पताल प्रशासन के उन दावों पर भी सवाल खड़े कर दिए, जिनमें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की बात कही जाती है।

मरीजों के हिस्से में इलाज या अव्यवस्थाएं?

जिलाधिकारी ने विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत की तथा उपचार और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने साफ कहा कि सर्दियों का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों को गंदगी, असुविधा और बदहाल इंतजामों के बीच छोड़ना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। अस्पताल में साफ-सफाई, बिस्तरों की गुणवत्ता और रैन बसेरे की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

अस्पताल में दवाएं नहीं तो फिर किस बात का सरकारी इलाज?

निरीक्षण के दौरान बाहर से दवाएं लिखे जाने का मामला भी जिलाधिकारी के निशाने पर रहा। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के बावजूद मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने के लिए मजबूर न किया जाए। अस्पताल की दवा व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए, ताकि आर्थिक रूप से पहले ही परेशान मरीजों की जेब पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।

प्रतिष्ठा बड़ी, लेकिन व्यवस्थाओं का हाल बेहाल!

जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि एसटीएच प्रदेश का प्रमुख चिकित्सा संस्थान है। यहां दूरदराज के पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक के मरीज उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल की व्यवस्थाएं भी उसकी प्रतिष्ठा और जिम्मेदारी के अनुरूप होनी चाहिए। साफ-सफाई, रैन बसेरे, वार्डों और मरीजों से जुड़ी सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने अस्पताल प्रशासन को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट और अस्पताल के एमएस डॉ. अरुण भी मौजूद रहे।

सवाल अब सिर्फ डीएम की नाराजगी का नहीं, व्यवस्था में बदलाव का है। आखिर जिस अस्पताल में गरीब और जरूरतमंद मरीज बेहतर इलाज की आस लेकर पहुंचते हैं, वहां उन्हें साफ बिस्तर, स्वच्छ वातावरण और जरूरी दवाओं के लिए भी इंतजार क्यों करना पड़े? डीएम की फटकार के बाद अस्पताल प्रशासन कितनी गंभीरता से सुधरता है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा। क्योंकि मरीजों को आश्वासन नहीं, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं चाहिए।

उत्तराखंड