








EXCLUSIVE | दर्पण न्यूज 24/7
उत्तराखंड में आज से लागू हुई ई-डिटेक्शन प्रणाली!
फास्टैग स्कैन होते ही खुलेगी वाहन की पूरी कुंडली, नियम तोड़ने वालों का होगा त्वरित चालान!
देहरादून।
अब उत्तराखंड की सड़कों पर यातायात नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाना आसान नहीं होगा। राज्य सरकार ने परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल और सख्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ई-डिटेक्शन प्रणाली को आज से लागू कर दिया है। पहले चरण में प्रदेश के सात प्रमुख टोल प्लाजा पर यह हाईटेक सिस्टम सक्रिय कर दिया गया है।
अब जैसे ही कोई वाहन टोल प्लाजा की लेन में प्रवेश करेगा और उसका फास्टैग स्कैन होगा, वैसे ही सिस्टम पलक झपकते ही उस वाहन की पूरी जानकारी खंगाल लेगा। वाहन का परमिट, फिटनेस, बीमा और पंजीकरण—सब कुछ राष्ट्रीय वाहन डेटाबेस से स्वतः जांचा जाएगा।
एनआईसी से जुड़ा हाईटेक सिस्टम।
परिवहन विभाग ने इस व्यवस्था को एनआईसी (नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर) के सहयोग से राष्ट्रीय वाहन पोर्टल से सीधे जोड़ दिया है। टोल प्लाजा पर लगे अत्याधुनिक कैमरे और सेंसर तेज रफ्तार वाहनों की भी नंबर प्लेट पहचानने में सक्षम हैं।
यदि किसी वाहन के दस्तावेज एक्सपायर, अधूरे या अवैध पाए जाते हैं, तो
👉 बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के!
👉 तुरंत ई-चालान जनरेट कर दिया जाएगा।
15 साल पुराने वाहनों पर खास नजर!
परिवहन उपायुक्त शैलेश तिवारी के अनुसार, उत्तराखंड देश का पांचवां राज्य बन गया है जिसने इस तरह की डिजिटल सख्ती लागू की है।
पहले चरण में विशेष रूप से उन वाहनों को चिन्हित किया जाएगा जो 15 साल की वैधता पार कर चुके हैं
जिनका पंजीकरण अब मान्य नहीं है
फिलहाल परमिट, बीमा और फिटनेस को प्राथमिकता दी गई है, जबकि आने वाले समय में प्रदूषण प्रमाण पत्र और रोड टैक्स को भी इस सिस्टम में शामिल किया जाएगा।
SMS से मिलेगी चालान की जानकारी
वाहन स्वामी के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर
उल्लंघन का विवरण
चालान की राशि
डिजिटल भुगतान लिंक
सीधे भेजा जाएगा।
इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि भ्रष्टाचार पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा।
इन टोल प्लाजा पर लागू हुई व्यवस्था
यह ई-डिटेक्शन प्रणाली फिलहाल इन टोल प्लाजा पर प्रभावी होगी—
हरिद्वार: बहादराबाद, भगवानपुर
देहरादून: लच्छीवाला
ऊधमसिंह नगर: जगतारपुर पट्टी, बनुषी, नगला, देवरिया
टोल प्लाजा अब सिर्फ वसूली केंद्र नहीं
परिवहन विभाग का मानना है कि इस डिजिटल सख्ती से वाहन स्वामी समय पर अपने दस्तावेज अपडेट रखने के लिए मजबूर होंगे, जिससे
✔ सड़क सुरक्षा बढ़ेगी
✔ हादसों में कमी आएगी
✔ राजस्व चोरी पर रोक लगेगी
अब उत्तराखंड के टोल प्लाजा सिर्फ टोल वसूली का नहीं, बल्कि यातायात नियमों के डिजिटल फिल्टर के रूप में भी काम करेंगे।
📰 दर्पण न्यूज 24/7 — खबर, जो सबसे पहले और सबसे सटीक
