खबरें शेयर करें -

वर्षों से बंद बरसाती नाले का डाइवर्जन कार्य पुनः शुरू कराने की मांग!
स्थानीय लोगों ने विधायक बंशीधर भगत से की मुलाकात!
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता, हल्द्वानी।
बिठोरिया वन चौकी स्थित ट्यूबवेल से चौफला चौराहे तक लगभग 339 मीटर लंबाई के बरसाती नाले का वर्षों से अवरुद्ध पड़ा डाइवर्जन कार्य पुनः प्रारंभ कराने की मांग को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने विधायक बंशीधर भगत से मुलाकात की। लंबे समय से लंबित इस कार्य के चलते क्षेत्रवासियों को विशेषकर बरसात के मौसम में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इस जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए रविवार को विधायक बंशीधर भगत की अध्यक्षता में एक संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, खान अधिकारी नवीन कुमार, सिंचाई विभाग के एसडीओ चंद्रशेखर टम्टा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में नाले की वर्तमान स्थिति, अवरोध के कारण उत्पन्न समस्याओं तथा तकनीकी व प्रशासनिक स्तर पर संभावित समाधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने अवगत कराया कि बरसात के दौरान नाला अवरुद्ध रहने से गैर वैशाली क्षेत्र की लगभग 16 कॉलोनियों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से घरों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर पानी भर जाता है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। इसके साथ ही संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा, संपत्ति को नुकसान और बच्चों व बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
विधायक बंशीधर भगत ने इस समस्या को अत्यंत संवेदनशील और जनहित से जुड़ा बताते हुए कहा कि वर्षों से लंबित इस कार्य का स्थायी समाधान आवश्यक है। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से जिलाधिकारी से वार्ता कर डाइवर्जन कार्य के लिए शीघ्र बजट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। विधायक ने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 1.88 करोड़ रुपये की लागत अनुमानित है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिया जाना जरूरी है।
सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण की जाएंगी और बजट स्वीकृत होते ही कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा, ताकि आगामी बरसात से पूर्व क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
विधायक भगत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में अनावश्यक देरी न हो, गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस नाले के डाइवर्जन कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को स्थायी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुरेश गौड़, संदीप सनवाल, पार्षद नवीन जोशी, योगेश तिवारी, केसी त्रिपाठी, भूपाल गैड़ा, ललित तिवारी, देवकी विहार विकास समिति अध्यक्ष रमेश चंद्र पांडे, बहादुर सिंह हरड़िया, किशोरी लाल, छाया भंडारी, रेखा बोरा, तारा खाती, राजेश्वरी, गीता सिराड़ी, विजय कुमार सहित अनेक स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

उत्तराखंड