गजल्ड में आतंक का अंत! जॉय हुकिल ने ढेर किया आदमखोर गुलदार, 62 स्कूलों की दहशत अब खत्म।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो।
पौड़ी गढ़वाल। गजल्ड गांव में पिछले कई दिनों से दहशत फैला रहे आदमखोर गुलदार का आखिरकार खौफ खत्म हो गया है। गुरुवार देर रात मशहूर शिकारी जॉय हुकिल और वन विभाग की विशेष टीम ने घात लगाकर इस नरभक्षी गुलदार को मार गिराया। गुलदार के ढेर होने की खबर से पूरे क्षेत्र में राहत की सांस ली जा रही है।
गौरतलब है कि गुलदार के हमलों के डर से क्षेत्र के 62 स्कूलों को बंद करना पड़ा था। लगातार बढ़ते आतंक को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल, स्पष्ट और सख्त निर्देश जारी किए थे, जिसके बाद वन विभाग ने निगरानी तेज कर विशेष शिकारी तैनात किए थे।
लगातार ट्रैकिंग, निगरानी और सघन ऑपरेशन के बाद टीम को गुरुवार देर रात सफलता मिली और आदमखोर को ढेर कर दिया गया। ग्रामीणों ने सरकार और वन विभाग का आभार जताते हुए कहा कि अब गांव में सामान्य जीवन पटरी पर लौटेगा।
