खबरें शेयर करें -

“14 दिसंबर को आहूत ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली में उमड़ेगा लालकुआँ! हेमवती नन्दन दुर्गापाल ने किया जनसंपर्क, बोले—दो हजार कार्यकर्ता होंगे शामिल”
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता।
लालकुआँ |
नई दिल्ली के रामलीला मैदान में 14 दिसंबर को प्रस्तावित कांग्रेस की “वोट चोर गद्दी छोड़” रैली को सफल बनाने के लिए लालकुआँ क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। युवा कांग्रेस नेता एवं किसान कांग्रेस के प्रदेश सचिव हेमवती नन्दन दुर्गापाल ने बुधवार को व्यापक जनसंपर्क कर लोगों से रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
दुर्गापाल ने दावा किया कि लालकुआँ से करीब दो हजार कार्यकर्ता रैली में शामिल होंगे, जिसके लिए बसों, कारों व रेलमार्ग सहित सभी परिवहन साधनों की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश चरम पर है और हर घर में इस कार्यक्रम की चर्चा है।
अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए दुर्गापाल ने कहा कि दिल्ली की रैली में लालकुआँ की ऐतिहासिक भागीदारी दर्ज होगी। उन्होंने कहा, “अगर संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा राहुल गांधी कर सकते हैं, तो हमारी भी जिम्मेदारी है कि भारी संख्या में दिल्ली पहुंचकर उनका उत्साह बढ़ाएं।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा के लिए तय तिथि पर दिल्ली पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।
दुर्गापाल ने कहा कि जनता आज महंगाई, बेरोज़गारी और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बढ़ते दबाव से त्रस्त है। ऐसे में अब समय आ गया है कि जनता अपनी आवाज बुलंद करे और सत्ता में बैठे ‘वोट चोरों’ को बाहर करने का संदेश दे।
उन्होंने कहा कि यह रैली केवल राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि जनतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का व्यापक स्वर है, जिसे पूरी ताकत से उठाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड