गर्भ में पल रही जिंदगी भी नहीं बची: देवर बना हैवान, गर्भवती भाभी और 8 साल की भतीजी को कुल्हाड़ी से काट डाला!
चाईबासा (झारखंड)!
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र स्थित मारिया साईं टोला रविवार को उस समय खून से लाल हो गया, जब एक युवक ने रिश्तों को शर्मसार करते हुए अपनी गर्भवती भाभी और आठ वर्षीय मासूम भतीजी की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। इस दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
मृतकों की पहचान 30 वर्षीय नानिका बिरुवा और उनकी आठ वर्षीय पुत्री शर्मीला बिरुवा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय नानिका के पति दखल सिंह बिरुवा खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान आरोपी रमाय बिरुवा घर पहुंचा। किसी पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते उसने कुल्हाड़ी से गर्भवती भाभी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
मां को बचाने के लिए बीच में आई आठ वर्षीय मासूम शर्मीला पर भी आरोपी ने बेरहमी से हमला कर दिया। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सबसे दर्दनाक बात यह है कि गर्भ में पल रही मासूम जिंदगी भी इस खूनी हमले की भेंट चढ़ गई।
घटना की जानकारी मृतका की दूसरी बेटी तुलसी बिरुवा ने खेत में जाकर अपने पिता को दी। जब दखल सिंह घर पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की। उन्होंने पास में पड़ा पत्थर उठाकर किसी तरह अपना बचाव किया, जिसके बाद आरोपी जंगल की ओर भाग निकला।
बीच-बचाव करने पहुंचे कांडे बिरुवा पर भी आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही मंझारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने जंगल में छापेमारी कर आरोपी रमाय बिरुवा को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई।
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस दोहरे हत्याकांड की वजह पारिवारिक विवाद मान रही है। वहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था। पुलिस इस पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है।
दर्पण न्यूज 24/7
