खबरें शेयर करें -

जंगल किनारे कूड़ा फेंकना वन्यजीवों को न्योता : विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट।
जन-जागरूकता अभियान में मानव–वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण पर जोर, किसानों से फसल चयन पर भी हुई चर्चा।
लालकुआं।
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत मंगलवार को हाथी प्रभावित क्षेत्रों के किसानों के साथ तराई केंद्रीय वन प्रभाग द्वारा आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रम में अग्नि सुरक्षा एवं मानव–वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण को लेकर व्यापक चर्चा की गई। कार्यक्रम में विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट एवं प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) यूसी तिवारी ने ग्रामीणों, किसानों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित किया।
हरिपुर बच्ची गांव में आयोजित उक्त कार्यक्रम में विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि जंगल के किनारे कूड़ा फेंकना वन्यजीवों को आमंत्रण देने जैसा है, जिससे मानव–वन्यजीव संघर्ष बढ़ रहा है और जान-माल को खतरा पैदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि हाथियों की रिहायशी इलाकों में आवाजाही अच्छे संकेत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और वन विभाग इस पर अंकुश लगाने के लिए कटिबद्ध हैं, लेकिन समाधान के लिए आमजन को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
डीएफओ यूसी तिवारी ने बताया कि मानव–वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण के लिए 70 प्रतिशत बजट हल्द्वानी रेंज में खर्च किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे हाथियों की पसंदीदा फसलें न लगाएं तथा वैकल्पिक फसलों को अपनाएं, जिससे फसल क्षति कम हो सके। विभाग किसानों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग देगा। उन्होंने कहा कि तीन-चार माह के भीतर मुआवजा भुगतान का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बताया गया कि हरीपुर बच्ची से गंगापुर तक सोलर फेंसिंग मरम्मत कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि हरीपुर बच्ची क्षेत्र में 1 किलोमीटर नई सोलर फेंसिंग का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही सभी प्रभावित क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही रोकने के हरसंभव प्रयास लगातार जारी है, अब आवश्यकता अनुसार आबादी वाले क्षेत्रों में सोलर लाइट का वितरण भी किया जाएगा।
इस दौरान ग्रामीणों ने कई सुझाव और आपत्तियां भी रखीं। जयपुर बीसा के किसान मुकेश दुर्गापाल ने विभाग पर मनमानी का आरोप लगाया। हैड़ागज्जर के पूर्व प्रधान हयात ओडेजा ने सोलर फेंसिंग की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए इसे नई तकनीक से आरसीसी बैड के ऊपर बनाने की मांग की। कैलाश तिवारी ने सोलर लाइट के साथ कैमरे लगाने की बात कही, ताकि जंगल में हो रही अनैतिक गतिविधियों पर भी निगरानी हो सके।
ललित सनवाल ने हाथियों के आतंक से निजात के लिए हाथी कॉरिडोर बनाए जाने और वन्यजीवों के लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था की जोरदार मांग की। पंकज कबड़वाल ने गंगापुर के जंगल से सटे क्षेत्रों में सोलर लाइट लगाने का सुझाव दिया। कार्तिक बमेटा ने जंगलों में थिनिंग कराए जाने की मांग रखी।
डीएफओ ने कहा कि हाथी कॉरिडोर को लेकर भारत सरकार संवेदनशील है और इस दिशा में समाधान अवश्य निकलेगा।
कार्यक्रम का संचालन वन क्षेत्राधिकारी ललित जोशी ने किया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुमका, कनिष्ठ प्रमुख कमल भंडारी, ग्राम प्रधान जीवंती बमेटा, रमेश जोशी, दिनेश प्रसाद, ललित सनवाल, ललित सिंह नेगी, केशव पंत, दिनेश आर्या, क्षेत्र पंचायत सदस्य कमला दुर्गापाल, भुवन प्रसाद, चंपा पांडे, भाजपा जिला मंत्री रुक्मणि बचखेती, डीके दुमका, चित्रा दुमका सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

उत्तराखंड