नैनीताल में 31st से पहले हाई वोल्टेज ड्रामा: प्रेमिका संग जश्न मनाने पहुंचे पति को पत्नी ने रंगेहाथ पकड़ा, चौराहे पर हंगामा।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो।
नैनीताल। नए साल की पूर्व संध्या पर पर्यटन नगरी नैनीताल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक पति अपनी प्रेमिका के साथ न्यू ईयर पार्टी मनाने पहुंचा और पीछे-पीछे पत्नी भी आ धमकी। तल्लीताल डांठ चौराहे पर पति, पत्नी और ‘वो’ के बीच ऐसा हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ कि राह चलते लोग तमाशबीन बन गए और पुलिस को मौके पर हस्तक्षेप करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार गाजियाबाद निवासी युवक अपनी प्रेमिका को नैनीताल घुमाने लाया था और 31st सेलिब्रेशन की तैयारी में था। इसी दौरान पत्नी को इसकी भनक लग गई। पत्नी अपने परिजनों के साथ नैनीताल पहुंची और तलाश करते हुए तल्लीताल डांठ के पास पति की कार पहचान ली। बीच चौराहे पर कार रुकवाकर पत्नी ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया।
गुस्से में पत्नी और उसके स्वजनों ने युवक की कार का शीशा तोड़ दिया। सड़क पर चीख-पुकार और आरोप-प्रत्यारोप के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी अफरातफरी का फायदा उठाकर प्रेमिका कार से उतरकर मौके से फरार हो गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पति-पत्नी और उनके परिजनों को तल्लीताल पुलिस चौकी लाया गया, जहां करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। पत्नी ने पति पर मारपीट और दूसरी महिला से अवैध संबंध रखने के आरोप लगाए, जबकि पति ने पत्नी और उसके स्वजनों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए बताया कि दोनों के बीच तलाक का मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन है।
पत्नी और उसके परिजन चौकी में प्रेमिका को बुलाने की मांग पर अड़े रहे, लेकिन युवक द्वारा कई बार फोन करने के बावजूद प्रेमिका वहां नहीं पहुंची। अंततः पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर मामला शांत कराया।
तल्लीताल थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद पहले से न्यायालय में चल रहा है। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई। किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर न मिलने पर सभी को छोड़ दिया गया।
न्यू ईयर से ठीक पहले हुए इस हाई प्रोफाइल ड्रामे ने 31st सेलिब्रेशन के बीच नैनीताल में सनसनी फैला दी और देर रात तक यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना रहा।
