खबरें शेयर करें -

मर्डर की फिराक में घूम रहा गैंगस्टर सत्ते गिरफ्तार, विदेशी पिस्टल बरामद!
नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 90 से ज्यादा मामलों में वांटेड अपराधी दबोचा गया!
दर्पण न्यूज 24/7 | नई दिल्ली |
राजधानी दिल्ली में एक बड़े आपराधिक वारदात को समय रहते टालते हुए नॉर्थ-ईस्ट जिला पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर सत्यप्रकाश उर्फ सत्ते (50) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने प्रतिद्वंदी बदमाश अमित की हत्या की साजिश रच रहा था।
पुलिस टीम ने 17 मार्च की रात करीब 10:40 बजे नंद नगरी इलाके में स्थित कुष्ठ आश्रम के पास से आरोपी को उस समय दबोच लिया, जब वह स्कॉर्पियो गाड़ी से उतर रहा था। तलाशी और पूछताछ के दौरान उसके घर से एक विदेशी पिस्टल बरामद की गई, जिसकी मैगजीन में चार जिंदा कारतूस भी मिले।
90 से ज्यादा संगीन मामलों में शामिल
पुलिस के अनुसार सत्ते पर हत्या, लूट, डकैती और एक्सटॉर्शन जैसे करीब 90 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है और हाल ही में मकोका से बरी होने के बाद पिछले साल ही जेल से बाहर आया था।
केरल में 4 घंटे में 7 लूट की वारदात
आरोपी का आपराधिक नेटवर्क देश के कई राज्यों तक फैला हुआ है। 28 सितंबर 2019 को केरल में महज चार घंटे के भीतर सात लूट की वारदातों को अंजाम देने के मामले में उसे अक्टूबर 2019 में केरल पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
जेबकतरे से बना गैंगस्टर
पुलिस जांच में सामने आया है कि सत्ते ने अपने अपराध की शुरुआत जेबकतरी से की थी। बाद में उसने अपना गैंग बना लिया और कैश वैन लूट जैसी बड़ी वारदातों को अंजाम देने लगा। 2006 में नोएडा एनकाउंटर में मारे गए दिनेश गिरी के गैंग से भी उसका संबंध रहा है।
सहयोगी की हत्या का भी आरोप
सत्ते पर वर्ष 2015 में अपने ही सहयोगी सोनू चिकना की हत्या का भी आरोप है, जिसके चलते उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
परिवार के साथ आश्रम में रह रहा था
आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं का रहने वाला है और वर्तमान में ताहिरपुर स्थित जयहिंद कुष्ठ आश्रम में अपने परिवार के साथ रह रहा था। उसने दो शादियां की हैं और दोनों पत्नियां उसके साथ रहती हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते गिरफ्तारी से एक बड़ी वारदात टल गई।

उत्तराखंड