खबरें शेयर करें -

उत्तराखंड में लागू होगा गुजरात का सहकारिता मॉडल
अन्न भंडारण, क्रेडिट प्रणाली और डिजिटल विस्तार पर विशेष जोर!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो देहरादून। उत्तराखंड सरकार राज्य में सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए गुजरात के सहकारिता मॉडल को अपनाने की तैयारी में है। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर में सहकारिता से जुड़े विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर उनके कार्यकलापों का अध्ययन किया।
मंत्री ने बताया कि राज्य में सहकारी संघों, बैंकों और समितियों में आधुनिक प्रबंधन प्रणाली, वैज्ञानिक अन्न भंडारण व्यवस्था, पारदर्शी ऋण प्रणाली और डिजिटल प्लेटफॉर्म के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनका कहना है कि इससे किसानों की आय बढ़ाने और सहकारिता आंदोलन को मजबूत आधार देने में मदद मिलेगी।
गुजरात दौरे के दौरान डॉ. रावत ने सरढव सेवा सहकारी मंडली लिमिटेड के पीएम श्री अन्न भंडारण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वैज्ञानिक एवं सुरक्षित भंडारण प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था किसानों की उपज की गुणवत्ता बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इसके अलावा मंत्री ने गांधीनगर जिला सहकारी संघ तथा जिला सहकारी ऋण समिति लिमिटेड का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पारदर्शी प्रबंधन, ऋण वितरण प्रणाली और वित्तीय समावेशन योजनाओं की जानकारी ली। जिला सहकारी संघ के अध्यक्ष कोदरभाई आर पेटल से मुलाकात कर सहकारिता के विभिन्न आयामों और भावी योजनाओं पर चर्चा की गई।
डॉ. रावत ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। डिजिटल तकनीक के समावेश से सहकारी संस्थाओं में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गुजरात के सफल सहकारिता मॉडल को अपनाकर उत्तराखंड में किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।

उत्तराखंड