खबरें शेयर करें -

हनीमून पर पति की बेरहमी, फटा कान का पर्दा; ससुराल पर गंभीर आरोप, पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज।

दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो।
हल्द्वानी। शहर की एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि हनीमून के दौरान पति ने उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिसके चलते उसके कान का पर्दा फट गया। लगातार प्रताड़ना से त्रस्त महिला ने महिला समाधान केंद्र में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सर्वोदय कॉलोनी, डहरिया हल्द्वानी निवासी पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 3 मार्च 2024 को पिथौरागढ़ निवासी निर्मल खाती से हुआ था। शादी के बाद कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन उसके बाद पति का व्यवहार अचानक बदल गया।
पीड़िता के अनुसार, हनीमून के दौरान अंडमान-निकोबार में पति ने शक के आधार पर उसके साथ बर्बर मारपीट की। थप्पड़ों की लगातार मार से उसके कान का पर्दा फट गया। आरोप है कि पति अक्सर गाली-गलौज करता, चरित्र पर सवाल उठाता और शारीरिक हिंसा करता था।
महिला का कहना है कि उसकी सास ने पिता की तीन लाख रुपये की एफडी तुड़वाने का दबाव बनाया। मना करने पर पति ने फिर उसके साथ मारपीट की। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि गर्भावस्था के दौरान भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और बेटी होने तथा पिता के निधन के समय भी ससुराल पक्ष का व्यवहार अमानवीय रहा।
आरोप है कि कई बार पंचायत और समझौते के बावजूद उत्पीड़न नहीं रुका। अगस्त 2025 में उसे कथित रूप से नजरबंद कर दिया गया, जिसके बाद उसने किसी तरह पुलिस की मदद से मायके पहुंचकर मदद मांगी।
कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और तथ्य सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड