देर रात बुलडोजर एक्शन: देहरादून घंटाघर के पास सरकारी जमीन पर बनी अवैध मजार ढहाई, प्रशासन सख्त।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो।
देहरादून। प्रशासन और एमडीडीए की संयुक्त टीम ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए घंटाघर के पास सरकारी भूमि पर बनी अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई अचानक की गई, ताकि अतिक्रमणकारियों को विरोध या तैयारी का मौका न मिल सके। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन ने पहले इस अवैध संरचना के खिलाफ नोटिस जारी किया था और दस्तावेज प्रस्तुत करने का समय भी दिया गया था। लेकिन किसी भी वैध प्रमाण के अभाव में इसे अतिक्रमण घोषित करते हुए हटाने का निर्णय लिया गया। प्रशासनिक रिकॉर्ड के अनुसार यह मजार सरकारी भूमि पर बनाई गई थी।
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की असुविधा या तनाव की स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया। जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे ढांचों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में पिछले कुछ समय से अवैध मजारों और अन्य अतिक्रमणों के खिलाफ बड़ा अभियान चल रहा है। प्रशासन का यह कदम सरकारी भूमि की रक्षा और बेहतर शहर नियोजन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
