दीपावली की रोशनी सजाते-सजाते जिंदगी पर टूटा संकट, बंदर के हमले से छत से गिरी महिला!
घर को रोशन करने की तैयारी में जुटी थी रिंकी, एक पल में त्योहार की खुशियां चीख-पुकार और चिंता में बदलीं; हल्द्वानी के अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही महिला!
लालकुआं। जिस घर में दीपावली की खुशियों के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, जहां हर कोने को रोशनी से सजाने का सपना संजोया जा रहा था, उसी घर में अचानक चीख-पुकार मच गई। त्योहार की खुशियां पलभर में मातम जैसी खामोशी और गहरी चिंता में बदल गईं। घर की सजावट में जुटी 31 वर्षीय रिंकी देवी को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ पलों बाद उनके साथ ऐसा दर्दनाक हादसा हो जाएगा।
नगर के बजरी कंपनी निवासी रिंकी देवी अपने घर को दीपावली के लिए बिजली की झालरों से सजा रही थीं। इसी दौरान एक बंदर छत पर पहुंच गया और सजावट के लिए लगाई गई झालर को तोड़ने लगा। घर की सजावट खराब होती देख रिंकी उसे भगाने के लिए सीढ़ियों के रास्ते छत पर पहुंचीं। लेकिन इससे पहले कि वह बंदर को वहां से भगा पातीं, बंदर ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से घबराई रिंकी जान बचाने के लिए सीढ़ियों से नीचे उतरने लगीं, लेकिन इसी आपाधापी में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे आंगन में जा गिरीं। ऊंचाई से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर पहले तक जिस आंगन में दीपावली की तैयारियां चल रही थीं, वहां अपनों की चीख-पुकार गूंजने लगी। परिजन बिना देर किए रिंकी को लेकर हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
एक तरफ घर में सजी थीं दीपावली की झालरें, दूसरी तरफ अस्पताल में अपनों की दुआएं…
रिंकी के घायल होने से पूरे परिवार की दीपावली की खुशियां चिंता में बदल गई हैं। जिस रोशनी से घर को जगमगाने की तैयारी थी, उसी घर में अब हर किसी की नजर अस्पताल की ओर लगी है। परिवार के लोग बस यही दुआ कर रहे हैं कि रिंकी जल्द स्वस्थ होकर घर लौटें और एक बार फिर उनके आंगन में खुशियों की रोशनी लौट आए।
इस हादसे ने एक बार फिर लालकुआं क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक और लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता खड़ी कर दी है। सवाल यह है कि आखिर कब तक लोग घरों की छतों और आंगन में भी बंदरों के डर के साये में जीने को मजबूर रहेंगे?

