उत्तराखंड एकता मंच ने पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति की नियुक्ति पर फिर लगाए सवालिया निशान।
यूजीसी नियमों की अनदेखी का लगाया आरोप, चयन प्रक्रिया निरस्त कर नए सिरे से नियुक्ति की करी मांग।
मंच ने कुलपति चयन समिति की निष्पक्षता पर भी उठाई अंगुली, सरकार से मांगा जवाब।
हल्द्वानी।
गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में कुलपति की नियुक्ति को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। उत्तराखंड एकता मंच ने कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप की नियुक्ति प्रक्रिया को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नियमों के विपरीत बताते हुए इसे तत्काल निरस्त करने की मांग उठाई है। मंच ने आरोप लगाया कि कुलपति चयन के लिए गठित सर्च कमेटी में निर्धारित प्रावधानों का पालन नहीं किया गया। ऐसे में पूरी चयन प्रक्रिया की वैधता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
हल्द्वानी नगर निगम सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उत्तराखंड एकता मंच के संगठन प्रभारी डॉ. विक्रम सिंह माहोडी ने कहा कि 27 अप्रैल 2026 को डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप को पंतनगर विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया था, लेकिन इस नियुक्ति के लिए गठित तीन सदस्यीय सर्च कमेटी में यूजीसी विनियम-2018 के नियम 7.3 (ii) का पालन नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि यूजीसी के प्रावधानों के अनुसार कुलपति चयन के लिए गठित खोज सह चयन समिति में उच्च शिक्षा के क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्ति शामिल होने चाहिए, जिनका संबंधित विश्वविद्यालय या उसके महाविद्यालयों से किसी प्रकार का जुड़ाव न हो। साथ ही समिति को शैक्षणिक उत्कृष्टता, उच्च शिक्षा प्रणाली की समझ तथा शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव के आधार पर पैनल तैयार कर कुलाधिपति को प्रस्तुत करना होता है। राज्यों के विश्वविद्यालयों में कुलपति चयन के लिए समिति के एक सदस्य का नामांकन यूजीसी अध्यक्ष द्वारा किया जाना भी निर्धारित है।
डॉ. माहोडी ने दावा किया कि कुलपति चयन के लिए गठित पैनल में डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी इंदु कुमार पांडे और सुभाष कुमार शामिल थे। उनका आरोप है कि डॉ. सिंघल विश्वविद्यालय की प्रबंधन परिषद के सदस्य होने के कारण चयन समिति की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। वहीं, मंच ने दावा किया कि समिति में यूजीसी अध्यक्ष द्वारा नामित सदस्य भी शामिल नहीं था।
मंच का कहना है कि कुलपति जैसे महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति किसी व्यक्ति विशेष या सरकार की पसंद के आधार पर नहीं, बल्कि निर्धारित पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए। यदि चयन समिति के गठन में ही नियमों की अनदेखी हुई है तो नियुक्ति की वैधानिकता की जांच जरूरी है।
मंच ने दावा किया कि डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप की नियुक्ति को लेकर नैनीताल हाईकोर्ट में दो वाद विचाराधीन हैं। इसके अलावा उनके विश्वविद्यालय में पूर्व कार्यकाल के दौरान कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर प्रबंधन परिषद की ओर से चार्जशीट दाखिल किए जाने का भी हवाला दिया गया।
डॉ. माहोडी के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को देहरादून में विश्वविद्यालय प्रबंध बोर्ड की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने की। मंच का आरोप है कि इस बैठक में डॉ. कश्यप के विरुद्ध लगाए गए आरोपों को मनमाने तरीके से समाप्त कर दिया गया। मंच ने इन घटनाक्रमों को चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाने वाला बताया है।
हालांकि, इन आरोपों और नियुक्ति प्रक्रिया की वैधानिकता पर संबंधित विश्वविद्यालय, राजभवन और सरकार का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
उत्तराखंड एकता मंच ने विश्वविद्यालय की पूर्व प्रवेश प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। मंच का आरोप है कि प्रवेश के दौरान निर्धारित नियमों की अनदेखी कर अधिक मेरिट वाले अभ्यर्थियों के बजाय कम मेरिट वाले अभ्यर्थियों को सीट आवंटित की गई थी। इस मामले में मुख्यमंत्री से शिकायत किए जाने की बात भी कही गई।
पंतनगर विश्वविद्यालय उत्तराखंड का प्रतिष्ठित कृषि एवं प्रौद्योगिकी संस्थान है। ऐसे संस्थान के सर्वोच्च शैक्षणिक पद पर नियुक्ति को लेकर उठ रहे सवाल केवल एक व्यक्ति की नियुक्ति तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विश्वविद्यालय की प्रशासनिक पारदर्शिता और चयन व्यवस्था की विश्वसनीयता से भी जुड़े हैं।
उत्तराखंड एकता मंच ने मांग की है कि वर्तमान कुलपति की नियुक्ति प्रक्रिया को निरस्त कर यूजीसी के नियमों के अनुरूप नए सिरे से चयन किया जाए। साथ ही नई नियुक्ति होने तक किसी अन्य योग्य व्यक्ति को कार्यवाहक कुलपति की जिम्मेदारी सौंपी जाए।
अब निगाहें सरकार और राजभवन के रुख पर टिकी हैं। बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकार इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराएगी या पंतनगर विश्वविद्यालय में कुलपति नियुक्ति को लेकर उठे विवाद यूं ही जारी रहेंगे?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ अधिवक्ता संजय राठौर, सेवानिवृत्त कैप्टन मानसिंह, प्रयाग जीना, दिनेश कर्नाटक, जमुना दत्त और अभिषेक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

