देवउठनी एकादशी आज: चार माह की योगनिद्रा से जागे भगवान विष्णु, अब गूंजेंगी शहनाइयां, जानिए व्रत और पारण का सही मुहूर्त!
स्मार्त गृहस्थ आज 20 नवंबर को रखेंगे एकादशी व्रत, वैष्णव साधु-संन्यासी 21 नवंबर को करेंगे व्रत | तुलसी विवाह के साथ मांगलिक कार्यों का होगा शुभारंभ!
हल्द्वानी। चार माह की योगनिद्रा के बाद भगवान श्रीहरि विष्णु के जागने का पावन पर्व देवउठनी एकादशी आज शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होगा और लंबे समय से मांगलिक कार्यों की प्रतीक्षा कर रहे लोगों के घरों में एक बार फिर शहनाइयां गूंजने का मार्ग प्रशस्त होगा। देवउठनी एकादशी को लेकर व्रत की तिथि पर श्रद्धालुओं के बीच बने असमंजस को दूर करते हुए पंडित डॉ. नवीन जोशी ने शास्त्रोक्त गणना के आधार पर व्रत और पारण की तिथियां स्पष्ट की हैं।
पंडित डॉ. जोशी के अनुसार, इस वर्ष स्मार्त यानी सभी गृहस्थ श्रद्धालु 20 नवंबर शुक्रवार को देवउठनी एकादशी का व्रत रखेंगे, जबकि वैष्णव संप्रदाय के साधु-संन्यासी 21 नवंबर शनिवार को व्रत करेंगे। शनिवार को तुलसी विवाह का आयोजन होगा और गृहस्थ श्रद्धालु अपने व्रत का पारण भी करेंगे।
उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को सुबह 7 बजकर 15 मिनट के बाद एकादशी तिथि प्रारंभ हो रही है, जो 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट तक रहेगी। शास्त्रीय विधान के अनुसार दशमी विद्धा एकादशी का व्रत निषेध माना गया है, जबकि एकादशी व्रत का पारण द्वादशी तिथि में करना आवश्यक है। यदि गृहस्थ 21 नवंबर को व्रत रखते हैं तो अगले दिन 22 नवंबर को पारण के लिए द्वादशी तिथि उपलब्ध नहीं होगी और सुबह से ही त्रयोदशी लग जाएगी। इसी कारण निर्णय सिंधु और धर्म सिंधु के अनुसार गृहस्थों के लिए 20 नवंबर को व्रत करना उचित बताया गया है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देवउठनी एकादशी का सनातन परंपरा में विशेष महत्व है। इसे देवोत्थान एकादशी और प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। लोकभाषा में इसे बूढ़ी दीपावली भी कहा जाता है। मान्यता है कि आषाढ़ शुक्ल पक्ष की हरिशयनी एकादशी से भगवान विष्णु चार माह के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है।
कहा जाता है कि भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने की खुशी में देवताओं ने दीपोत्सव मनाया था। यही वजह है कि इस दिन घरों में दीप जलाने, भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना और तुलसी पूजन की विशेष परंपरा है। कई स्थानों पर गन्ने से मंडप सजाकर भगवान विष्णु और माता तुलसी का विवाह कराया जाता है। इस आयोजन को तुलसी विवाह के रूप में मनाया जाता है।
देवउठनी एकादशी के साथ ही हिंदू धर्म में विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक आयोजनों की शुरुआत का भी विशेष महत्व माना जाता है। पुराणों के अनुसार एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक की पांच दिवसीय अवधि भीष्म पंचक कहलाती है। इन पांच दिनों में भगवान विष्णु की आराधना, व्रत, दान और पुण्य कर्म करने से विशेष धार्मिक फल की प्राप्ति होने की मान्यता है।
इस तरह देवउठनी एकादशी केवल व्रत और पूजा का पर्व नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और मांगलिक जीवन की नई शुरुआत का प्रतीक भी है। घर-आंगन में जलते दीप, तुलसी विवाह की रस्में और श्रीहरि विष्णु के जयकारों के बीच आज से देव जागरण और शुभ कार्यों का उल्लास फिर लौटेगा।

