खबरें शेयर करें -

ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2026 के तहत बड़ी कार्रवाई।
लालकुआं पुलिस ने दो शराब तस्करों से 194 पाउच कच्ची शराब की बरामदगी की, एक गिरफ्तार—दूसरा फरार
दर्पण न्यूज 24/7, लालकुआं संवाददाता।
जनपद नैनीताल में युवाओं को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन–2026” के अंतर्गत लालकुआं पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर जिले भर में नशे के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है।
एसपी सिटी हल्द्वानी श्री मनोज कत्याल के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लालकुआं श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लालकुआं श्री ब्रजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में अलग-अलग स्थानों पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। इसी क्रम में चौकी हल्दूचौड़ थाना लालकुआं पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाया गया।
गश्त व संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से दो शराब तस्करों को चिह्नित किया।
पहले अभियुक्त साहिल भानु सागर पुत्र रामअवतार सागर, निवासी वार्ड नंबर–01 नई बस्ती, कोतवाली लालकुआं, उम्र 19 वर्ष को हल्दूचौड़ गौला गेट श्याम ट्रेडर्स दुकान से लगभग 20 कदम दूरी पर 94 पाउच कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
वहीं दूसरे अभियुक्त विक्रम सिंह बुगला उर्फ बल्ली, निवासी इन्द्रानगर प्रथम, बिन्दुखत्ता, लालकुआं, देवरामपुर गौला गेट तिराहे के पास पुलिस को देख मौके से फरार हो गया। मौके से 100 पाउच कच्ची शराब से भरा कटा बरामद किया गया।
पुलिस द्वारा कोतवाली लालकुआं में अभियुक्त साहिल के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत क्रम संख्या 24/26, तथा फरार अभियुक्त विक्रम सिंह बुगला के विरुद्ध मु0एफआईआर संख्या 25/26 दर्ज कर अभियोग पंजीकृत किया गया है। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है तथा शीघ्र उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
गिरफ्तारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी—
उ0नि0 शंकर नयाल,
कानि0 117 कुवेर राणा,
कानि0 160 मनीष कुमार,
कानि0 0570 गुरमेज सिंह।
लालकुआं पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब तस्करों में हड़कंप मचा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।

उत्तराखंड