रानीपोखरी में भूमाफिया पर एमडीडीए का बुलडोजर! 8 से 10 बीघा अवैध प्लॉटिंग जमींदोज, जमीन के सौदागरों में मचा हड़कंप!
जितेंद्र बिष्ट और विजय प्रसाद जोशी की बताई जा रही प्लॉटिंग पर प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई , बिना मंजूरी जमीन काटकर प्लॉट बेचने वालों को एमडीडीए की दो टूक चेतावनी,नियम तोड़े तो कार्रवाई तय!
देहरादून। राजधानी देहरादून और आसपास के इलाकों में जमीन के कारोबार की आड़ में अवैध प्लॉटिंग का खेल खेलने वालों पर अब विकास प्राधिकरण का शिकंजा कसने लगा है। रानीपोखरी में एमडीडीए ने बुलडोजर चलाकर करीब 8 से 10 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध रूप से कॉलोनियां विकसित कर भूखंड बेचने वालों में खलबली मच गई है।
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने रानीपोखरी क्षेत्र में मौके पर पहुंचकर जितेंद्र बिष्ट एवं विजय प्रसाद जोशी द्वारा विकसित की जा रही बताई गई प्लॉटिंग को चिह्नित किया और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान अवैध प्लॉटिंग के तहत किए गए विकास कार्यों को ध्वस्त किया गया।
यह कार्रवाई उन लोगों के लिए भी बड़ा संदेश है, जो बिना मानचित्र स्वीकृत कराए और जरूरी अनुमतियां हासिल किए बगैर कृषि अथवा अन्य भूमि पर प्लॉट काटकर मोटा मुनाफा कमाने का कारोबार कर रहे हैं। सवाल यह भी है कि ऐसे अवैध भूखंडों के आकर्षक विज्ञापनों और सौदों के जाल में फंसकर अपनी जीवनभर की कमाई लगाने वाले खरीदारों की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?
जमीन खरीदने से पहले सावधान! कहीं आपकी जिंदगीभर की कमाई पर न चल जाए बुलडोजर!
एमडीडीए ने आम लोगों को आगाह किया है कि केवल सड़क, बिजली और पानी जैसी सुविधाओं का दावा देखकर किसी कॉलोनी में भूखंड न खरीदें। जमीन खरीदने से पहले यह जरूर जांच लें कि संबंधित लेआउट प्राधिकरण से स्वीकृत है या नहीं। बिना स्वीकृति विकसित की गई कॉलोनियों में निवेश भविष्य में बड़ी मुसीबत बन सकता है।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी की दो टूक,अवैध निर्माण पर नहीं चलेगी मनमानी!
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।
अभियान जारी रहेगा, अवैध कॉलोनियों पर रहेगी नजर!
प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रवर्तन टीम को ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी भूखंड की खरीद से पहले उसकी वैधता और प्राधिकरण की स्वीकृति की पुष्टि जरूर करें।
अब बड़ा सवाल यह है कि रानीपोखरी में हुई कार्रवाई के बाद एमडीडीए का बुलडोजर अवैध प्लॉटिंग के अन्य ठिकानों तक कब पहुंचेगा? क्या केवल ध्वस्तीकरण से यह कारोबार रुकेगा या अवैध कॉलोनियों के पूरे नेटवर्क पर भी कार्रवाई होगी?

