खबरें शेयर करें -

उत्तराखंड में बढ़ा दूध उत्पादन, मांग से अधिक हो रहा उत्पादन: मंत्री सौरभ बहुगुणा!
2015-16 में 16.56 लाख टन था उत्पादन, अब बढ़कर 19.57 लाख टन पहुंचा!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो भराड़ीसैंण। उत्तराखंड में दुग्ध उत्पादन लगातार बढ़ रहा है और अब राज्य में दूध की उपलब्धता मांग से अधिक हो गई है। यह जानकारी राज्य के दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने शुक्रवार को विधानसभा में दी।
विधानसभा में बृज भूषण गैरोला के प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने बताया कि वर्ष 2015-16 में राज्य में कुल दूध उत्पादन 16.56 लाख टन था, जो अब बढ़कर 19.57 लाख टन हो गया है।
मंत्री ने बताया कि वर्तमान में राज्य में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता 458 ग्राम प्रतिदिन है। राज्य में प्रतिदिन 53.62 लाख किलोग्राम दूध का उत्पादन हो रहा है, जबकि दूध की दैनिक मांग 50.34 लाख किलोग्राम है। इससे स्पष्ट है कि राज्य में उत्पादन मांग से अधिक हो गया है।
सौरभ बहुगुणा ने सदन को बताया कि उत्तराखंड में वर्तमान में 2,830 सहकारी दुग्ध समितियां कार्यरत हैं, जो दुग्ध उत्पादन और विपणन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य की 11 सहकारी दुग्ध समितियों का मुनाफा वर्ष 2022-23 में मात्र 50 लाख रुपये था, जो अब बढ़कर 3.92 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं राज्य दुग्ध संघ का लाभ भी 2022-23 में 5 करोड़ रुपये से बढ़कर इस वर्ष 16 करोड़ रुपये हो गया है।
मंत्री ने कहा कि सरकार दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, दुग्ध समितियों को सशक्त बनाने और पशुपालकों की आय में वृद्धि के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उत्तराखंड