खबरें शेयर करें -

 

काठगोदाम-दिल्ली वंदे भारत की मांग को लेकर सांसद अजय भट्ट की पहल तेज, रेल मंत्री से की मुलाकात

दैनिक प्रातःकालीन सेवा शुरू होने से कुमाऊं के यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ, पर्यटन और कारोबार को भी मिलेगी नई रफ्तार

हल्द्वानी। कुमाऊं मंडल की लंबे समय से चली आ रही काठगोदाम-दिल्ली के बीच तेज और सुविधाजनक रेल सेवा की मांग को लेकर नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने एक बार फिर प्रभावी पहल की है। सांसद ने संसद भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस संचालित किए जाने की मांग रखी।

सांसद अजय भट्ट ने रेल मंत्री को दिए मांग पत्र में कहा कि काठगोदाम कुमाऊं का प्रमुख रेलवे स्टेशन होने के साथ ही पूरे पर्वतीय क्षेत्र का प्रवेश द्वार है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक, विद्यार्थी, व्यापारी, नौकरीपेशा लोग और स्थानीय यात्री दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों के लिए आवागमन करते हैं। ऐसे में काठगोदाम से दिल्ली के बीच आधुनिक, तेज और समयबद्ध रेल सेवा की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में काठगोदाम और दिल्ली के बीच रेल सेवाएं संचालित हैं, लेकिन उनकी गति और समय-सारणी यात्रियों की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप नहीं है। यदि काठगोदाम से सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया जाता है तो यात्रियों को सुबह दिल्ली पहुंचने और आवश्यक कार्य निपटाकर शाम को वापस काठगोदाम लौटने की सुविधा मिल सकेगी। इससे हजारों यात्रियों का समय बचेगा और उन्हें दिल्ली में रात्रि प्रवास की आवश्यकता भी नहीं होगी।

सांसद ने कहा कि काठगोदाम-दिल्ली वंदे भारत सेवा शुरू होने से केवल यात्रियों को ही सुविधा नहीं मिलेगी, बल्कि इसका सीधा सकारात्मक प्रभाव कुमाऊं के पर्यटन, व्यापार, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए कुमाऊं की यात्रा अधिक सुगम होगी, जिससे नैनीताल, अल्मोड़ा, रानीखेत, कौसानी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत पूरे कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

अजय भट्ट ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि वह इस महत्वपूर्ण मांग को लेकर पूर्व में भी दो बार पत्र लिख चुके हैं और व्यक्तिगत रूप से भी इस विषय पर आग्रह कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि कुमाऊं की जनता की भावनाओं और क्षेत्र के व्यापक जनहित को देखते हुए काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा शुरू करने की दिशा में जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए।

कुमाऊं की जनता की लंबे समय से चली आ रही इस महत्वपूर्ण मांग को केंद्र सरकार के समक्ष लगातार उठाना सांसद अजय भट्ट की ओर से क्षेत्र के जनहित और विकास के प्रति प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है। अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि रेल मंत्रालय इस मांग पर शीघ्र निर्णय लेते हुए कुमाऊं को दिल्ली से जोड़ने वाली इस बहुप्रतीक्षित आधुनिक रेल सेवा की सौगात देगा।

 

उत्तराखंड