खबरें शेयर करें -

इड़ियाकोट मल्ला क्षेत्र की समस्याओं को लेकर समिति की बैठक में उठी आवाज, विकास के लिए पारित किए ये प्रस्ताव।

रिखणीखाल। इड़ियाकोट मल्ला भ्रातृ मंडल समिति (संस्कृति एवं सरोकार मंच), पौड़ी गढ़वाल की प्रथम कार्यकारिणी बैठक सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय रिखणीखाल के सभागार में समिति अध्यक्ष अनिल कुमार रावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन समिति सचिव मदन सिंह नेगी ने किया। बैठक में क्षेत्रीय प्रधानों, जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों समेत कार्यकारिणी पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में इड़ियाकोट मल्ला क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने चार पटवारी क्षेत्रों में एक भी बैंक शाखा नहीं होने, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा की सुविधा के अभाव, बदहाल सड़कों, लचर स्वास्थ्य सेवाओं, बेरोजगारी और पलायन सहित क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। खेती और बागवानी को बढ़ावा देकर बंजर खेतों को आबाद करने तथा गांवों में रोजगार के अवसर सृजित कर पलायन रोकने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में क्षेत्र में रोडवेज बसों का संचालन बंद किए जाने पर रोष जताते हुए सरकार से जल्द बस सेवाएं बहाल करने की मांग की गई। साथ ही कठुलिया महादेव सिद्धपीठ, इड़ियाकोट मल्ला भैरोंगढ़ मंदिर, मां भगवती दीबा माता मंदिर टकोलीखाल और नागराजा मंदिर कलवाड़ी को पर्यटन मानचित्र पर शामिल करने की मांग उठी। पूर्वी नयार नदी तट पर मजियाड़ी सैण में बहुउद्देश्यीय जलाशय के निर्माण पर भी जोर दिया गया, ताकि क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों की आर्थिकी मजबूत हो और पलायन पर रोक लग सके। क्षेत्र को पिछड़ा क्षेत्र घोषित करने की मांग भी उठाई गई।

बैठक में समिति का पंजीकरण कराने, सदस्यता अभियान चलाने, सदस्यता के लिए रसीद बुक एवं पत्राचार के लिए लेटर पैड तैयार करने तथा पांचों पटवारी क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों को समिति से जोड़ने के प्रस्ताव पारित किए गए।

बैठक को विक्रम सिंह नेगी, अनिल कुमार रावत, भक्तदर्शन नेगी, मदन सिंह नेगी, आशु जोशी और गमाल सिंह राणा समेत अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया। समिति के संस्थापक भक्तदर्शन नेगी ने समिति को मजबूत करने के लिए 5,000 रुपये का सहयोग प्रदान किया। कार्यकारिणी ने क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार एवं संबंधित विभागों से लगातार पत्राचार करने और समिति को मजबूत बनाने का निर्णय लिया।

उत्तराखंड