खबरें शेयर करें -

कुमायूँ को मिला नया पुलिस नेतृत्व, आईजी निवेदिता कुकरेती ने संभाली कमान!

कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध नियंत्रण रहेंगी प्राथमिकता!

दर्पण न्यूज 24/7 नैनीताल। भारतीय पुलिस सेवा की वरिष्ठ अधिकारी निवेदिता कुकरेती ने मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), कुमायूँ परिक्षेत्र का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, महिला एवं बाल सुरक्षा सुनिश्चित करने, साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा जनसेवा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद आईजी कुकरेती ने परिक्षेत्रीय कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

जनता और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाने पर जोर!

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सख्त अभियान तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है और इसे और मजबूत किया जाएगा।

कैंची धाम मेला और पर्यटन सीजन पर विशेष नजर!

आईजी कुकरेती ने कहा कि आगामी कैंची धाम स्थापना दिवस और पर्यटन सीजन को देखते हुए श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी होगी। इसके लिए यातायात व्यवस्था, पार्किंग, शटल सेवाएं, डायवर्जन प्लान और भीड़ नियंत्रण की व्यापक कार्ययोजना लागू की जाएगी, जिससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आधुनिक पुलिसिंग और कर्मियों के कल्याण पर फोकस!

उन्होंने पुलिस बल के आधुनिकीकरण, तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग, स्मार्ट पुलिसिंग और अपराध विश्लेषण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। साथ ही पुलिस कर्मियों के कल्याण, प्रशिक्षण और क्षमता विकास को भी प्राथमिकता देने की बात कही।

मीडिया को बताया पुलिस का महत्वपूर्ण सहयोगी!

आईजी कुकरेती ने मीडिया प्रतिनिधियों से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि समाज में शांति, सुरक्षा और जनजागरूकता बढ़ाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुलिस और मीडिया के बेहतर समन्वय से जनहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

कार्यभार संभालते ही कैंची धाम पहुंचीं!

पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद आईजी निवेदिता कुकरेती स्वयं कैंची धाम पहुंचीं और आगामी मेले एवं पर्यटन सीजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंदिर समिति से बेहतर समन्वय की अपील!

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से भी संवाद किया और आयोजन को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन तथा मंदिर समिति के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग मिलकर कार्य करेंगे।