खबरें शेयर करें -

“शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा कोई बच्चा” — विधायक मोहन सिंह बिष्ट।
हल्द्वानी | दर्पण न्यूज 24/7| ब्यूरो
जिला खनिज फाउंडेशन न्यास समिति, नैनीताल द्वारा अनुमोदित वन विकास निगम के पक्ष में स्वीकृत गोला नदी क्षेत्र के खनन पट्टों में कार्यरत श्रमिकों के पाल्यों के लिए सोमवार को एक सराहनीय पहल की गई। आंवला गेट चौकी स्थित गैर-आवासीय विशिष्ट प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित सामग्री वितरण समारोह में लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के विधायक मोहन सिंह बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल दिशा प्रदान करता है।
मुख्य अतिथि विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के बच्चे ही कल के भविष्य की मजबूत नींव हैं, इसलिए प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जनपद में शिक्षा व्यवस्था इसी प्रकार सुदृढ़ और समावेशी बनी रहेगी, ताकि समाज के सभी वर्गों को इसका लाभ मिल सके।
इस अवसर पर विशिष्ट प्रशिक्षण केंद्र में नामांकित 40 विद्यार्थियों को बैग, जूते, मोजे, ट्रैक सूट, स्वेटर, गर्म टोपी, स्टेशनरी सामग्री एवं खिलौनों का वितरण विधायक एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा किया गया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि जो विद्यार्थी भविष्य में केंद्र में नामांकन कराएंगे, उन्हें भी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त केंद्र को खेल सामग्री, म्यूजिक सिस्टम, हीटर, पंखे सहित अन्य आवश्यक संसाधन भी प्रदान किए गए हैं, जिससे बच्चों को अध्ययन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम का संचालन हरीश सिंह बिष्ट द्वारा किया गया, जबकि समापन पर खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में समग्र शिक्षा के जिला समन्वयक रवीन्द्र तिवारी, समाजसेवी राजेंद्र जोशी, भोला दत्त दानी, डिकर सिंह पडियार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे।

उत्तराखंड