खबरें शेयर करें -

तहसील दिवस में पहुंचीं 115 शिकायतें, 47 का मौके पर हुआ समाधान।
जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को अधिकारी गंभीरता से लें : जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया।
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता
किच्छा। मंगलवार को नगर पालिका परिषद सभागार में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 115 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 47 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
तहसील दिवस में उपस्थित फरियादियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनसमस्याओं को संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनें तथा तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के दौरान सिरौलीकला निवासी मोहम्मद ताहिर ने कृषि भूमि के शामिल खाते के बंटवारे की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आदर्श नगर बंडिया निवासी सुरेश प्रसाद चौहान ने मंदिर चौराहे से कॉलोनी चौराहे तक सड़क निर्माण की मांग की, जबकि कमलानगर चुटकी देवरिया के निवासियों ने कच्चे रास्ते को पक्का कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इंदरपुर निवासी रामचीज ने ग्राम प्रतापपुर स्थित अपनी कृषि भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर कब्जा दिलाने की मांग की। इस पर उप जिलाधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्राम आनंदपुर के ग्रामीणों ने नाले की सफाई की मांग उठाई, जिस पर अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग को निरीक्षण कर सफाई कार्य कराने के निर्देश दिए गए।
पूर्व सभासद लियाकत अली ने वार्ड संख्या-3 किशनपुर सिसई में खुले विद्युत तारों के स्थान पर इंसुलेटेड लाइन लगाने तथा सिसई बंडिया में पाहा नहर की सफाई एवं कवरिंग कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग एवं नगर पालिका को आवश्यक कार्रवाई करने तथा नहर कवरिंग के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।
पंत कॉलोनी निवासी चंद्रकला ने नगर पालिका द्वारा स्थापित सबमर्सिबल पंप से पेयजल कनेक्शन दिलाने का अनुरोध किया, जिस पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
तहसील दिवस में विधायक तिलकराज बेहड़, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, उप जिलाधिकारी गौरव पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
दर्पण न्यूज़ 24/7 | जनता की आवाज़, सच के साथ

उत्तराखंड