खबरें शेयर करें -

26 जून को दिल्ली में जुटेंगे देशभर के आंदोलनकारी और समाजसेवी, राष्ट्रीय मंच गठन पर होगा मंथन।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो
श्रीनगर गढ़वाल। स्वतंत्रता के बाद देश में हुए प्रमुख जनआंदोलनों की विरासत को आगे बढ़ाने और राष्ट्रहित व जनहित के मुद्दों पर व्यापक संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से 26 जून को दिल्ली में देशभर के आंदोलनकारी, समाजसेवी और जनसरोकारों से जुड़े लोग एक मंच पर जुटेंगे।
राष्ट्रीय लोक आंदोलन अन्ना हजारे कोर कमेटी के सदस्य भोपाल चौधरी ने बताया कि प्रस्तावित बैठक में राष्ट्रहित और जनहित के मुद्दों को लेकर एक सशक्त राष्ट्रीय मंच के गठन की संभावनाओं पर गंभीर विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में चले जेपी आंदोलन तथा अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से प्रेरित होकर समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में नई पहल शुरू करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
उन्होंने बताया कि बैठक में विभिन्न जनआंदोलनों से जुड़े अनुभवी और समर्पित व्यक्तियों की पहचान कर उनके मार्गदर्शन में सामाजिक परिवर्तन के लिए ठोस रणनीति तैयार करने पर चर्चा होगी। साथ ही देश के सामने मौजूद सामाजिक, आर्थिक और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान पर भी मंथन किया जाएगा।
भोपाल चौधरी ने स्पष्ट किया कि यह बैठक पूरी तरह गैर-राजनीतिक होगी। इसका उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का समर्थन या विरोध करना नहीं, बल्कि जनसेवा, पारदर्शिता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है।
बैठक में ईमानदार, संवेदनशील और जनहित के प्रति समर्पित लोगों को आगे लाने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए साझा प्रयासों को गति देने पर विशेष जोर दिया जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि यह पहल देशभर में जनसरोकारों से जुड़े लोगों को एक नई दिशा और सशक्त मंच प्रदान करेगी।