खबरें शेयर करें -

फर्जी शस्त्र लाइसेंस रैकेट पर STF का बड़ा प्रहार, काशीपुर के कारोबारी समेत दो गिरफ्तार!
दर्पण न्यूज 24/7, देहरादून/रुद्रपुर।
उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए काशीपुर के कारोबारी सौरभ अग्रवाल और उसके चालक अमित पाल को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध हथियार, आठ जिंदा कारतूस, दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस और एक कार की चाबी बरामद की गई है।
मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन के तहत चलाए जा रहे अभियान में STF लगातार कार्रवाई कर रही है। एसटीएफ की टीम ने देर रात रुद्रपुर रोडवेज क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोचा। तलाशी के दौरान एक पंप एक्शन 12 बोर बंदूक, एक .30 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .32 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल तथा विभिन्न बोर के आठ कारतूस बरामद किए गए।
गौरतलब है कि 10 जून की रात STF और ऊधमसिंहनगर पुलिस के संयुक्त अभियान में काशीपुर क्षेत्र से एक स्विफ्ट कार में चार अवैध हथियार और 237 कारतूस बरामद हुए थे। जांच में यह मामला फर्जी शस्त्र लाइसेंस नेटवर्क से जुड़ा पाया गया था। उसी मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सौरभ अग्रवाल को अब गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसएसपी STF ने बताया कि गिरफ्तार चालक अमित पाल ने पूछताछ में स्वीकार किया कि बरामदगी वाली स्विफ्ट कार को उसने साक्ष्य छिपाने की नीयत से काशीपुर की एक पार्किंग में खड़ा किया था। कार की चाबी भी उसके कब्जे से बरामद की गई है। पूछताछ में कई अन्य संदिग्ध लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनके खिलाफ साक्ष्य जुटाकर कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ के अनुसार राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन अभियान जारी है। अब तक इस मामले में तीन मुकदमे दर्ज कर सात आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। साथ ही 12 अवैध हथियार, 315 कारतूस और कई फर्जी लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।
एसएसपी STF ने स्पष्ट किया कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं। उत्तराखंड पुलिस ऐसे मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है और आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
STF ने आम जनता से भी अपील की है कि फर्जी अथवा संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना दें। सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।