खबरें शेयर करें -

मूनाकोट (पीपलकोट) में महाविद्यालय स्वीकृत करने की मांग, विधायक बिशन सिंह चुफाल ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र!

दर्पण न्यूज 24/7 पिथौरागढ़। डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के विधायक बिशन सिंह चुफाल ने जनपद पिथौरागढ़ के विकासखंड मूनाकोट (पीपलकोट) में महाविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजा है।

विधायक चुफाल ने अपने पत्र में कहा है कि विकासखंड मूनाकोट में वर्तमान समय तक कोई भी महाविद्यालय स्वीकृत नहीं है। नेपाल सीमा से लगे इस क्षेत्र के 15 राजकीय इंटर कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए मूनाकोट (पीपलकोट) एक केंद्रीय स्थान है। क्षेत्र की जनता लंबे समय से यहां महाविद्यालय स्थापित किए जाने की मांग करती आ रही है।

उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में पठन-पाठन प्रारंभ करने हेतु पर्याप्त कक्ष उपलब्ध हैं तथा स्थायी भवन निर्माण के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। ऐसे में महाविद्यालय की स्थापना में कोई विशेष बाधा नहीं है।

विधायक ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि क्षेत्रवासियों की भावनाओं एवं छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विकासखंड मूनाकोट (पीपलकोट) में शीघ्र महाविद्यालय स्वीकृत किया जाए। इससे सीमांत क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी और क्षेत्र में शैक्षिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

क्षेत्रीय जनता ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है।

उत्तराखंड