








खंडहर स्कूल बना नशेड़ियों का अड्डा, लापता छात्रा का बैग मिलने से सनसनी!
हल्दूचौड़ (नैनीताल)। मोतीनगर नेशनल हाईवे किनारे स्थित एक खंडहर पड़े स्कूल में अवैध गतिविधियों के संचालन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लंबे समय से वीरान पड़े इस स्कूल को नशेड़ियों ने अपना ठिकाना बना लिया है, जिससे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।स्थानीय लोगों के अनुसार, इस खंडहर स्कूल में दिन-रात संदिग्ध लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। मामला उस समय और गंभीर हो गया जब हाल ही में मोटाहल्दू से लापता हुई एक छात्रा का बैग और उसकी किताबें इसी परिसर से बरामद हुईं।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में संदिग्ध हालत में घूम रहे एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि वह मोतीनगर स्थित इसी खंडहर स्कूल में रह रहा है। इसके बाद ग्रामीण उसे मौके पर ले गए, जहां अंदर का नजारा देख सभी सन्न रह गए।
स्कूल परिसर में बिस्तर, कपड़े, भारी मात्रा में डिस्पोजेबल सिरिंज, नशे के इंजेक्शन और दवाओं की खाली शीशियां बिखरी मिलीं। इससे साफ संकेत मिलते हैं कि यहां लंबे समय से नशे का कारोबार और अन्य अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं।
इसी दौरान लोगों को लापता छात्रा का बैग और किताबें भी बरामद हुईं, जिससे पूरे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया। हालांकि, मौके का फायदा उठाकर पकड़ा गया व्यक्ति खिड़की के रास्ते फरार हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में भय और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से खंडहर स्कूल की तत्काल जांच कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
