खबरें शेयर करें -

चार साल की कानूनी लड़ाई के बाद फर्त्याल को झटका! हाईकोर्ट ने खारिज की चुनाव याचिका, खुशाल अधिकारी का निर्वाचन बरकरार!

नामांकन में जानकारी छिपाने और शपथ पत्र देरी से जमा करने के लगाए थे आरोप, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने याचिका को आधारहीन मानते हुए किया खारिज!

नैनीताल। लोहाघाट विधानसभा सीट के पिछले चुनाव को लेकर चली चार साल की कानूनी लड़ाई में भाजपा के पराजित प्रत्याशी पूरन सिंह फर्त्याल को बड़ा झटका लगा है। नैनीताल हाईकोर्ट ने कांग्रेस के विजयी प्रत्याशी खुशाल सिंह अधिकारी के निर्वाचन को चुनौती देने वाली उनकी चुनाव याचिका खारिज कर दी है। अदालत के इस फैसले से खुशाल सिंह अधिकारी का विधानसभा निर्वाचन बरकरार रहेगा।

पूरन सिंह फर्त्याल ने अपनी याचिका में आरोप लगाया था कि चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी खुशाल सिंह अधिकारी ने नामांकन पत्र में कई महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाई थीं। इसके अलावा कुछ आवश्यक सूचनाओं से संबंधित शपथ पत्र भी निर्धारित समय सीमा के बाद जमा किए गए थे। इन्हीं आधारों पर फर्त्याल ने अधिकारी के निर्वाचन को निरस्त करने की मांग करते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

इस मामले में करीब चार वर्षों तक चली न्यायिक प्रक्रिया और सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने याचिका को आधारहीन मानते हुए खारिज कर दिया। हाईकोर्ट के इस फैसले से लोहाघाट विधानसभा सीट के निर्वाचन को लेकर उठाए गए सवालों पर फिलहाल न्यायिक विराम लग गया है।

चुनाव परिणाम के बाद शुरू हुई यह कानूनी लड़ाई अब अदालत के फैसले के साथ समाप्त हो गई है। भाजपा प्रत्याशी की ओर से निर्वाचन को चुनौती देने की कोशिश सफल नहीं हो सकी और कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी को बड़ी कानूनी राहत मिली है।

उत्तराखंड