

तीर्थ स्थल को पर्यटक स्थल बनाना आसान, उसकी आत्मा बचाना चुनौती!
बदरीनाथ धाम में डीजे-डांस पर मुरली मनोहर जोशी की दोटूक, बोले, धाम की धार्मिक मर्यादा और आध्यात्मिक पहचान से न हो खिलवाड़ !
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो उत्तराखंड | प्रमोद बमेटा
देहरादून/बदरीनाथ। देवभूमि के पवित्र धाम बदरीनाथ में आयोजित देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव के दौरान डीजे, संगीत और नृत्य कार्यक्रम को लेकर उठे विवाद ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—धार्मिक धरोहरों को पर्यटन से जोड़ते हुए उनकी मूल आध्यात्मिक पहचान और मर्यादा कैसे बचाई जाए?
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने बदरीनाथ में संगीत कार्यक्रम के आयोजन पर आपत्ति जताते हुए कहा कि धाम की धार्मिक और सांस्कृतिक मर्यादाओं को ध्यान में रखकर ही ऐसे कार्यक्रम होने चाहिए। उन्होंने बदरीनाथ की उस परंपरा का उल्लेख किया, जिसमें शंखनाद तक को लेकर विशेष धार्मिक मान्यता बताई जाती है।जोशी के मुताबिक आदि गुरु शंकराचार्य ने हिमालय की इस भूमि को साधना और भगवत् भजन की परंपरा से जोड़ा था। ऐसे स्थान पर तेज संगीत और मनोरंजन आधारित आयोजन वहां के आध्यात्मिक वातावरण पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने संत समाज और शंकराचार्यों से भी इस विषय पर प्रभावी हस्तक्षेप की अपील की है।
मुद्दा महोत्सव नहीं, उसका स्वरूप है!
19-20 सितंबर को हुए देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव का उद्देश्य उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देना, सीमांत क्षेत्रों के स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना तथा महिलाओं और युवाओं के उद्यम को प्रोत्साहित करना बताया गया है। समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए।
वहीं, बदरीनाथ के तीर्थ पुरोहितों की ओर से सामने आई प्रतिक्रिया में महोत्सव की अवधारणा का विरोध नहीं, बल्कि धाम में कार्यक्रमों के स्वरूप पर सवाल उठाया गया है। तीर्थ पुरोहित महापंचायत का कहना है कि बदरीनाथ जैसे धार्मिक स्थल पर सांस्कृतिक आयोजन वहां की धार्मिक और पौराणिक मर्यादाओं के अनुरूप होने चाहिए।
पर्यटन और परंपरा के बीच संतुलन की परीक्षा!
उत्तराखंड के लिए धार्मिक पर्यटन रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। लेकिन बदरीनाथ का विवाद यह सवाल सामने लाता है कि विकास और पर्यटन की दौड़ में क्या तीर्थ की मूल पहचान भी सुरक्षित रह पा रही है?
सनातन परंपरा में तीर्थ केवल एक मंदिर या पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि आस्था, साधना, प्रकृति, अनुशासन और सदियों पुरानी परंपराओं का जीवंत केंद्र है। इसलिए किसी धाम का संरक्षण केवल उसके भवन और व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं हो सकता। वहां का वातावरण, आचार और धार्मिक मर्यादाएं भी उतनी ही महत्वपूर्ण हैं।
बदरीनाथ से उठी बहस का सार यही है, पर्यटन बढ़े, संस्कृति का उत्सव भी हो, लेकिन ऐसा करते हुए तीर्थ की आत्मा और उसकी सदियों पुरानी मर्यादा पीछे न छूट जाए।
