पिता की चिता को बेटियों ने दी मुखाग्नि, पत्नी ने घाट पहुंचकर दी अंतिम विदाई… डॉ. जन्तवाल की अंतिम इच्छा ने तोड़ी सदियों पुरानी रूढ़िवादिता!
नैनीताल। एक पिता की अंतिम विदाई थी… आंखों में आंसू थे, दिल में असहनीय पीड़ा थी और सामने वह चिता थी, जिस पर एक ऐसा व्यक्तित्व पंचतत्व में विलीन होने जा रहा था, जिसने उत्तराखंड की राजनीति और समाज में अपनी अलग पहचान बनाई। लेकिन रानीबाग के चित्रशीला घाट पर सोमवार को जो दृश्य सामने आया, उसने केवल वहां मौजूद लोगों की आंखें ही नम नहीं कीं, बल्कि समाज की सदियों पुरानी रूढ़िवादी सोच को भी एक बड़ा सवाल दे दिया।
उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व अध्यक्ष और नैनीताल के पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जन्तवाल को उनकी दोनों बेटियों ने मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी। इस भावुक क्षण में उनकी पत्नी प्रोफेसर सावित्री कैड़ा जन्तवाल भी पति को विदा करने चित्रशीला घाट पहुंचीं। एक ओर बेटियां अपने पिता को अंतिम विदाई दे रही थीं, तो दूसरी ओर पत्नी अपने जीवनसाथी को पंचतत्व में विलीन होते देख रही थीं। यह दृश्य जितना मार्मिक था, उतना ही समाज को नई दिशा देने वाला भी।
‘पापा की इच्छा थी, हम ही उन्हें मुखाग्नि दें’ !
इस अंतिम विदाई के पीछे एक पिता की वह इच्छा थी, जिसे उनकी बेटियों ने पूरे साहस और संकल्प के साथ निभाया। बेटियों ने बताया कि जब कभी वे मजाक में अपने पिता से उनकी अंतिम यात्रा के बारे में पूछती थीं तो डॉ. जन्तवाल कहते थे कि तुम्हें ही मेरा सब कुछ करना है और तुम ही मुझे मुखाग्नि देना।
पिता के कहे इन शब्दों को बेटियों ने महज एक बात नहीं समझा, बल्कि उनके अंतिम संस्कार के समय उस इच्छा को अपना दायित्व मानकर पूरा किया। जिस पिता ने बेटियों को इतना विश्वास दिया, उनकी बेटियों ने भी अंतिम क्षण तक उस विश्वास का मान रखा।
जब पत्नी भी पहुंची पति को अंतिम विदाई देने…!
कुमाऊं की पारंपरिक सामाजिक मान्यताओं में पत्नी का पति की अंतिम यात्रा में शामिल होना और बेटियों का मुखाग्नि देना कई जगह असामान्य माना जाता रहा है। लेकिन चित्रशीला घाट पर आज इन मान्यताओं से आगे बढ़कर एक परिवार ने अपने निर्णय और साहस से नई मिसाल कायम की।
प्रोफेसर सावित्री कैड़ा जन्तवाल ने भी असाधारण धैर्य का परिचय दिया। पति को अंतिम विदाई देने पहुंचीं सावित्री जन्तवाल घाट पर मौजूद शोकाकुल लोगों से बातचीत करती रहीं और डॉ. जन्तवाल के अंतिम समय के बारे में जानकारी साझा करती रहीं। जीवनसाथी को खोने के असहनीय दुख के बीच उनका यह संयम और आत्मबल हर किसी को भावुक कर गया। वह कुमाऊं विश्वविद्यालय के नैनीताल परिसर में इतिहास विभाग की प्रोफेसर हैं।
एक अंतिम संस्कार, जिसने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया!
डॉ. नारायण सिंह जन्तवाल की अंतिम विदाई सिर्फ एक राजनीतिक व्यक्तित्व के जीवन का अंत नहीं थी। यह उस सोच की भी प्रतीक बनी, जिसमें बेटियों को बेटों से कम नहीं, बल्कि समान अधिकार और जिम्मेदारी के साथ देखा जाना चाहिए।
आखिर अंतिम विदाई में बेटा और बेटी का भेद क्यों? पिता की चिता को अग्नि देने का अधिकार केवल बेटे तक सीमित क्यों माना जाए? जब एक पिता स्वयं अपनी बेटियों पर यह भरोसा जता सकता है, तो समाज की रूढ़िवादी सोच उनके रास्ते में बाधा क्यों बने?
चित्रशीला घाट पर दोनों बेटियों ने अपने पिता की अंतिम इच्छा पूरी कर दी। पत्नी ने जीवनसाथी को अंतिम विदाई देकर अपने प्रेम और साहस का परिचय दिया।
डॉ. नारायण सिंह जन्तवाल पंचतत्व में विलीन हो गए, लेकिन उनकी अंतिम विदाई ने समाज के सामने एक ऐसा संदेश छोड़ दिया, जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
डॉ. नारायण सिंह जन्तवाल को भावभीनी श्रद्धांजलि। उनकी दोनों बेटियों और प्रोफेसर सावित्री कैड़ा जन्तवाल के साहस, धैर्य और दृढ़ संकल्प को सलाम।
कभी-कभी किसी व्यक्ति की अंतिम यात्रा भी समाज को आगे बढ़ने का रास्ता दिखा जाती है। चित्रशीला घाट का यह दृश्य ऐसी ही एक मिसाल बन गया।

