ग्राम पंचायत पदमपुर देवलिया में हुई प्रथम खुली बैठक, नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों का हुआ भव्य स्वागत।
दर्पण न्यूज 24*7
पदमपुर देवलिया।
ग्राम पंचायत पदमपुर देवलिया में ग्राम प्रधान रमेश चंद्र जोशी की अध्यक्षता में पंचायत की प्रथम खुली बैठक का सुचारू रूप से आयोजन किया गया। बैठक की शुरुआत नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत करने के साथ हुई, जहां ग्रामीणों ने उत्साह के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
बैठक में ग्रामीणों की कई महत्वपूर्ण समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं—
सड़क निर्माण, गूल, पेयजल टैंक, पुलिया, सोलर लाइट, बृदावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, किसान पेंशन, विकलांग पेंशन, लाल–सफेद–पीले राशन कार्ड सहित अनेक मुद्दों पर ग्रामीणों ने अपनी बात रखी।
जल जीवन मिशन से जुड़ी दिक्कतें बैठक का मुख्य केंद्र रहीं। ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल लाइनों में जगह–जगह पर लीकेज तथा सड़क निर्माण में बाधा के कारण उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम प्रधान रमेश जोशी ने सभी ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए कहा कि,
“विगत 6 महीनों से रुके हुए विकास कार्य अब पुनः गति पकड़ेंगे। सभी समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।”
बैठक में नवनिर्वाचित सदस्य/सदस्या—
श्रीमती कमला कबड़वाल, भावना जोशी, चंपा कबड़वाल, नेहा जोशी, कृष्णा देवी, हेमचंद्र चंदोला, केशव दत्त खोलिया, भास्कर पांडे, प्रकाश चंद्र पांडे सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।
बैठक की कार्यवाही ग्राम विकास अधिकारी श्रीमती ज्योति पांडे द्वारा संपादित की गई।
यह प्रथम खुली बैठक ग्रामीण विकास के नए संकल्प और सकारात्मक उम्मीदों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
