गौला–नंधौर में उपखनिज निकासी को राहत, वाहनों का वजन फिर होगा पुराने नियमों के अनुसार।
डम्पर एसोसिएशन के अनुरोध पर शासन का बड़ा फैसला, राजस्व हित में सुचारू संचालन के निर्देश।
दर्पण न्यूज 24/7
देहरादून/हल्द्वानी।
गौला एवं नंधौर नदियों में उपखनिज निकासी से जुड़े वाहनों के वजन को लेकर शासन ने अहम निर्देश जारी किए हैं। डम्पर एसोसिएशन, हल्द्वानी–लालकुआं (नैनीताल) के अनुरोध पर उत्तराखण्ड शासन ने पूर्व की व्यवस्था के अनुरूप वाहनों का वजन किए जाने के निर्देश दिए हैं, जिससे उपखनिज निकासी व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
औद्योगिक विकास (खनन) अनुभाग-1 की ओर से जारी आदेश में अपर सचिव लक्ष्मण सिंह ने प्रबंध निदेशक, उत्तराखण्ड वन विकास निगम देहरादून तथा जिलाधिकारी नैनीताल को निर्देशित किया है कि गौला व नंधौर नदियों में लगे वाहनों के वजन संबंधी व्यवस्था को पूर्व की भांति लागू करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही की गई कार्यवाही से शासन को समय से अवगत कराने को भी कहा गया है।
शासन का कहना है कि यह निर्णय राजस्व हित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि उपखनिज निकासी प्रक्रिया में आ रही बाधाएं दूर हों और कार्य सुचारू रूप से चलता रहे। आदेश की प्रतिलिपि निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय उत्तराखण्ड तथा जिला खान अधिकारी नैनीताल को भी आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है।
इस निर्णय से गौला-नंधौर क्षेत्र में उपखनिज कारोबार से जुड़े वाहन संचालकों और श्रमिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
