ब्रेकिंग न्यूज़: सिख टिप्पणी विवाद पर कांग्रेस में मची हलचल, हाईकमान ने उत्तराखंड के बड़े नेताओं को दिल्ली तलब किया
नई दिल्ली/देहरादून:
कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत द्वारा सिख समाज पर की गई कथित विवादित टिप्पणी के बाद पार्टी के भीतर जोरदार हलचल मच गई है। मामले के बढ़ते विरोध और सिख संगठनों के तीखे प्रतिक्रिया देने के बाद कांग्रेस हाईकमान ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, पार्टी नेतृत्व ने उत्तराखंड कांग्रेस के कई शीर्ष नेताओं को तुरंत दिल्ली तलब किया है। इनमें प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं को शामिल बताया जा रहा है। दिल्ली में इन नेताओं से मामले की विस्तृत रिपोर्ट ली जाएगी।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि हाईकमान इस विवाद को लेकर बेहद चिंतित है क्योंकि टिप्पणी ने सिख समुदाय की भावनाओं को आहत किया है, जिससे राजनीतिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं उत्तराखंड में सिख संगठनों ने कड़ी नाराज़गी जताते हुए कई जगह विरोध प्रदर्शन भी किए हैं।
बताया जा रहा है कि दिल्ली में होने वाली बैठक में कांग्रेस नेतृत्व नेताओं से बातचीत कर आगे की रणनीति तय करेगा। हरक सिंह रावत से भी जवाब तलब किए जाने की संभावना है।
प्रदेश कांग्रेस ने भी विवाद को शांत करने की कोशिश में कहा है कि पार्टी किसी भी समुदाय के विरुद्ध की गई टिप्पणी का समर्थन नहीं करती और मामले की पूरी जांच की जाएगी।
