खबरें शेयर करें -

दिसंबर 20/21 को हल्दूचौड़ में आयेगा सांस्कृतिक तूफ़ान! ‘पंखुड़ियाँ महोत्सव 2025’ में दो दिन धूम मचाएंगी कुमाऊँ की चमकती प्रतिभाएँ।
हल्दूचौड़।
कुमाऊँ की उभरती प्रतिभाओं को राज्यस्तरीय मंच देने वाला बहुप्रतीक्षित ‘पंखुड़ियाँ महोत्सव–2025 (सीजन–15)’ इस वर्ष और भी भव्य रूप में आयोजित होने जा रहा है। पंखुड़ियाँ सांस्कृतिक, पर्यावरण एवं दिव्यांग कल्याण समिति के तत्वावधान में यह दो दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन 20 दिसंबर (शनिवार) दोपहर 2 बजे से तथा 21 दिसंबर (रविवार) सुबह 10 बजे से शुरू होगा। आयोजकों ने सभी नागरिकों से सपरिवार उपस्थिति का आग्रह किया है।
समिति के सचिव सुमित बिष्ट और संस्थापक/अध्यक्ष रिम्पी बिष्ट ने बताया कि पिछले 15 वर्षों से लगातार आयोजित होता आ रहा यह महोत्सव अब कुमाऊँ का सबसे बड़ा सांस्कृतिक मंच बन चुका है, जहाँ गायन, नृत्य, अभिनय और लोक संस्कृति से जुड़े कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। कार्यक्रम के संरक्षक प्रमोद बमेटा (अध्यक्ष—आदर्श प्रेस क्लब, हल्दूचौड़) होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान जग्गीबंगर निर्मला भुवन पंवार करेंगी।
आयोजन स्थल आदर्श प्राथमिक पाठशाला, श्रीराम लीला मैदान, मेन चौराहा हल्दूचौड़ निर्धारित किया गया है।
पहले दिन, 20 दिसंबर को दोपहर 2 बजे से कुमाऊँ की आवाज़, उत्तराखंड की आवाज़ (गायन प्रतियोगिता), कुमाऊँनी झोड़ा प्रतियोगिता, मिमिक्री व हास्य कलाकारों की प्रस्तुतियाँ, लोक कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा स्थानीय कलाकारों की निःशुल्क प्रस्तुतियाँ होंगी।
दूसरे दिन, 21 दिसंबर को सुबह 10 बजे से भारत का श्रेष्ठ नर्तक, उत्तराखंड श्रेष्ठ नर्तक, नन्हा उस्ताद, श्री एवं सुश्री उत्तराखंड, सुपर माँ प्रतियोगिता, उत्तराखंड श्रेष्ठ मॉडल और कुमाऊँनी महिला परिधान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा कुमाऊँ के प्रसिद्ध हास्य कलाकार अमित भट्ट (मोहन दा), नृत्यांगना हर्षिता कोहली और मिमिक्री कलाकार अनिल भटनागर की विशेष प्रस्तुति भी दर्शकों को आकर्षित करेगी।
महोत्सव में आए दर्शकों के लिए विशेष आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड