उत्तरायणी मेला 2026: मेला क्षेत्र के स्कूलों में 12 से 24 जनवरी तक रहेगा शीतकालीन अवकाश।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो।
बागेश्वर।
उत्तरायणी मेला 2026 की भव्य तैयारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने मेला क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों के शीतकालीन अवकाश की तिथियों में संशोधन किया है। नए आदेश के अनुसार अब इन विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश एक जनवरी की बजाय 12 जनवरी से 24 जनवरी तक रहेगा।
शिक्षा विभाग के कैलेंडर के अनुसार जिले के विद्यालयों को दो श्रेणियों—शीतकालीन और ग्रीष्मकालीन विद्यालयों—में विभाजित किया गया है। शीतकालीन विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 20 से 30 जून तक तथा शीतकालीन अवकाश 26 दिसंबर से 31 जनवरी तक निर्धारित रहता है। ये विद्यालय वर्तमान में शीतकालीन अवकाश के चलते बंद हैं।
वहीं, ग्रीष्मकालीन विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश एक जनवरी से 13 जनवरी तक तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश 27 मई से 30 जून तक होता है। बीते दिनों उत्तरायणी मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में कपकोट और बागेश्वर ब्लॉक में मेले के दौरान स्थानीय स्कूलों में अवकाश की मांग उठाई गई थी।
जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर विचार करते हुए उच्चाधिकारियों से अनुमति प्राप्त कर शिक्षा विभाग ने मेला क्षेत्र में आने वाले ग्रीष्मकालीन विद्यालयों के शीतकालीन अवकाश की तिथियों में बदलाव किया है। अब इन विद्यालयों में अवकाश 12 जनवरी से लागू होगा। हालांकि मेला क्षेत्र से बाहर के विद्यालयों में अवकाश पूर्व निर्धारित कैलेंडर के अनुसार ही रहेगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी बागेश्वर विनय कुमार ने बताया कि इस आदेश के कड़ाई से अनुपालन के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
