खबरें शेयर करें -

नए साल का जश्न: सरोवर नगरी नैनीताल में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, होटल फुल, प्रशासन अलर्ट।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो।नैनीताल।
नए साल से पहले सरोवर नगरी नैनीताल और आसपास के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा है। जैसे-जैसे नववर्ष नजदीक आ रहा है, देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे सैलानी नैनीताल की खूबसूरत वादियों का आनंद लेने के साथ प्रसिद्ध मां नयना देवी मंदिर में दर्शन कर रहे हैं। वीकेंड और 31 दिसंबर को लेकर शहर में विशेष भीड़ देखने को मिल रही है।
एक ओर जहां मैदानी और तराई क्षेत्रों में घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है, वहीं नैनीताल में दिन के समय तेज धूप खिलने से मौसम पूरी तरह अनुकूल बना हुआ है। साफ आसमान और सुनहरी धूप ने पर्यटकों को खासा आकर्षित किया है, जिससे शहर की रौनक कई गुना बढ़ गई है।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर होटल कारोबार पर भी साफ नजर आ रहा है। नैनीताल और आसपास के अधिकांश होटल व गेस्ट हाउस पूरी तरह बुक हो चुके हैं। नए साल की पूर्व संध्या पर ठहरने के लिए जगह मिलना अब मुश्किल होता जा रहा है।
भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, केवल उन्हीं पर्यटकों के वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है, जिनकी होटल या गेस्ट हाउस में पूर्व बुकिंग है। बिना बुकिंग के आने वाले पर्यटकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जा रहा है।
ऐसे पर्यटकों को शटल बस सेवा के माध्यम से शहर में प्रवेश दिया जा रहा है, ताकि यातायात जाम से बचा जा सके और पर्यटक सुरक्षित व सुगम तरीके से नैनीताल की सैर कर सकें। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार निगरानी में जुटी हैं, ताकि नए साल का जश्न शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से मनाया जा सके।

उत्तराखंड