खबरें शेयर करें -

लालकुआं में आधी रात ‘दंगल’! सड़क पर भिड़े दो गोवंश, तमाशबीन बनी व्यवस्था।
नगर पंचायत क्षेत्र का वीडियो सामने आया, राहगीरों की सुरक्षा और निराश्रित गोवंशों की व्यवस्था पर उठे सवाल।

लालकुआं।

लालकुआं नगर पंचायत क्षेत्र में रात के समय सड़क पर दो गोवंशों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत का वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक गोवंश दूसरे को सींगों से लगातार टक्कर मारता दिखाई दे रहा है। कुछ लोग मौके पर खड़े होकर इस घटना को देखते नजर आ रहे हैं, जबकि सड़क पर ही दोनों गोवंश काफी देर तक आपस में भिड़ते रहे।
घटना का दृश्य किसी ‘दंगल’ से कम नजर नहीं आ रहा। सड़क पर अचानक शुरू हुई गोवंशों की लड़ाई से आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी की स्थिति बन सकती थी। खास बात यह है कि घटना नगर पंचायत क्षेत्र में होने के बावजूद सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंशों की समस्या एक बार फिर सामने आ गई है।
सवाल यह है कि आखिर नगर क्षेत्र में घूम रहे इन गोवंशों की जिम्मेदारी किसकी है? यदि गोवंशों के संरक्षण और उनके सुरक्षित प्रबंधन की व्यवस्था है तो फिर वे रात के समय सड़कों और आबादी के बीच क्यों घूम रहे हैं?
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर घूमने वाले गोवंश अक्सर यातायात के लिए भी खतरा बन जाते हैं। आपस में लड़ते समय स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में नगर पंचायत प्रशासन को केवल घटना के बाद प्रतिक्रिया देने के बजाय निराश्रित गोवंशों के स्थायी प्रबंधन की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।
वीडियो ने एक बार फिर ‘गौ संरक्षण के दावों और धरातल की हकीकत’ के बीच अंतर को चर्चा में ला दिया है। अब देखना होगा कि नगर पंचायत प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है।
दर्पण न्यूज 24×7 की नजर:
गोवंश सड़क पर भिड़ते रहे, लोग देखते रहे—लेकिन जिम्मेदार व्यवस्था कब जागेगी?

उत्तराखंड