खबरें शेयर करें -

उत्तराखंड में 4 जुलाई को टूटेगा 1831 दिनों का रिकॉर्ड, उत्तराखंड की राजनीति में लिखा जाएगा नया इतिहास!

टूटेगा एनडी तिवारी का 19 साल पुराना किला

दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो प्रमोद बमेटा

देहरादून। उत्तराखंड की सियासत में 4 जुलाई 2026 सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि इतिहास बदलने का दिन बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार मुख्यमंत्री रहते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के 1831 दिनों के सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। इसके साथ ही राज्य गठन के बाद सबसे लंबे समय तक लगातार मुख्यमंत्री रहने का नया इतिहास धामी के नाम दर्ज हो जाएगा।

4 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले धामी ने राजनीतिक उतार-चढ़ाव, विधानसभा चुनाव और सत्ता की तमाम चुनौतियों के बीच अपनी कुर्सी बरकरार रखी। अब पांच साल पूरे करते ही उनका नाम उत्तराखंड के सबसे लंबे समय तक लगातार मुख्यमंत्री रहने वाले नेता के रूप में दर्ज होने जा रहा है।

सरकार भी इस उपलब्धि को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। 4 से 10 जुलाई तक पूरे प्रदेश में ‘सेवा सप्ताह’ का आयोजन होगा। रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तीकरण और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए सरकार अपनी उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाएगी। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सभी जिलों को तैयारियों के निर्देश जारी कर चुके हैं।

दूसरी ओर भाजपा संगठन भी धामी के इस रिकॉर्ड को राजनीतिक संदेश में बदलने की रणनीति पर काम कर रहा है। प्रदेशभर में कार्यक्रमों की तैयारी तेज हो गई है और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है।

उत्तराखंड की राजनीति में अब तक सबसे लंबा लगातार कार्यकाल पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के नाम था। 4 जुलाई को यह रिकॉर्ड इतिहास बन जाएगा और एक नया राजनीतिक अध्याय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम लिखा जाएगा। अब सबकी निगाहें उस दिन पर टिकी हैं, जब उत्तराखंड की सत्ता का सबसे बड़ा रिकॉर्ड आधिकारिक रूप से बदल जाएगा।

उत्तराखंड