खबरें शेयर करें -

पंतनगर विवि में आज दीक्षांत का गौरवपूर्ण दिन: 1395 छात्रों को मिलेंगी उपाधियां!
दर्पण न्यूज 24/7 पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में आज 7 अप्रैल को 37वां दीक्षांत समारोह भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
गांधी हाल में सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस समारोह में कुलाधिपति द्वारा 1395 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी और सांसद अजय भट्ट भी मौजूद रहेंगे।
समारोह के दौरान एक छात्र को कुलाधिपति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कुलपति द्वारा 13 स्वर्ण, 12 रजत और 10 कांस्य पदक प्रदान किए जाएंगे।
विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिनमें
सरस्वती पांडा अवार्ड
श्रीमती नागम्मा शान्ताबाई अवार्ड
डॉ. राम शिरोमणि तिवारी अवार्ड
चौधरी चरण सिंह मेमोरियल इंटेलेक्शुअल अवार्ड
पूरण आनंद अदलखा अवार्ड
गोविंद बल्लभ पंत के नाम पर स्थापित अवार्ड शामिल हैं।
दीक्षांत समारोह के अंत में कुलाधिपति द्वारा विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए दीक्षांत भाषण दिया जाएगा। इस दौरान विश्वविद्यालय के प्रबंध परिषद व विद्वत परिषद के सदस्य पारंपरिक विद्वत शोभायात्रा में भाग लेंगे।
समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को कुलपति की अध्यक्षता में विद्वत शोभा मंडल का फुल ड्रेस रिहर्सल भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

उत्तराखंड