








मुठभेड़ के बाद दो वांछित अपराधी गिरफ्तार दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी कामयाबी।
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने जघन्य हत्या कांड में शामिल दो वांछित अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अपराधी दक्षिणी दिल्ली के आया नगर में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में संलिप्त बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम को आरोपियों के बारे में ख़ुफ़िया सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने द्वारका इलाके में घेराबंदी कर दोनों अपराधियों को ट्रेस किया। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध पिस्तौल, 29 ज़िंदा कारतूस और एक चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों अपराधियों ने आया नगर हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में भूमिका की गहन जांच कर रही है।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने क्राइम ब्रांच की टीम की तत्परता और साहस की सराहना की है।
— दर्पण न्यूज 24/7, दिल्ली संवाददाता भुवन प्रसाद
