देहरादून में उबाल! नर्सिंग भर्ती को लेकर मचा बवाल, पुलिस-प्रदर्शनकारियों में धक्का-मुक्की, महिला कॉन्स्टेबल का थप्पड़ वीडियो वायरल।
देहरादून: नर्सिंग भर्ती को वर्षवार करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर नर्सिंग बेरोजगारों ने सोमवार को राजधानी देहरादून में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। दिलाराम चौक पर जुटे प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास कूच करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें न्यू कैंट रोड पर बैरिकेड लगाकर रोक दिया। इसी दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हालात तब बिगड़ गए जब एक महिला पुलिसकर्मी ने एक नर्सिंग छात्रा को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद छात्रा और पुलिसकर्मी के बीच हाथापाई भी हुई। यह पूरा घटनाक्रम वीडियो में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भर्ती को वर्षवार किया जाए, नई विज्ञप्ति रद्द हो तथा IPHS मानकों के आधार पर 2500 पदों पर नई भर्ती निकाली जाए। साथ ही राज्य के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने की मांग भी रखी गई।
तनाव बढ़ता देख पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को एकता विहार स्थित धरना स्थल पर भेज दिया।
उधर, महिला पुलिसकर्मी द्वारा छात्रा को थप्पड़ मारने की घटना को महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने शर्मनाक बताते हुए मामले की जांच की मांग की है।
नर्सिंग बेरोजगारों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं मिला तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
