अंकिता हत्याकांड में नए खुलासे से हिला उत्तराखंड, भाजपा सरकार की चुप्पी पर उठे बड़े सवाल : गरिमा!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो | देहरादून
अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर नए खुलासों के बाद सुर्खियों में है। स्वयं को उत्तराखंड भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की दूसरी पत्नी बताने वाली उर्मिला सनावर द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों और ‘गट्टू’ नाम के जिक्र ने इस जघन्य हत्याकांड को लेकर कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं।
उत्तराखंड कांग्रेस की नेत्री गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम साफ दर्शाता है कि अंकिता हत्याकांड से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य अब तक दबाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शुरू से ही रसूखदारों और सत्ता से जुड़े लोगों को बचाने का प्रयास करती रही है।
गरिमा ने कहा कि जब अब स्वयं भाजपा के पूर्व विधायक के परिवार से गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं, तो सरकार की चुप्पी बेहद चिंताजनक और सवालों के घेरे में है। उन्होंने तीखे सवाल उठाते हुए कहा कि क्या भाजपा सरकार सच में अंकिता भंडारी को पूरा न्याय दिलाने के प्रति ईमानदार है? क्या सत्ता से जुड़े प्रभावशाली लोगों के खिलाफ निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराने का साहस सरकार में है?
कांग्रेस नेत्री ने कहा कि ‘गट्टू’ जैसे नामों का सामने आना इस बात की ओर इशारा करता है कि इस हत्याकांड में कई परतें अब भी अनखुली हैं। उन्होंने मांग की कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच कराई जाए, ताकि किसी भी दोषी को राजनीतिक संरक्षण न मिल सके और पीड़िता को वास्तविक न्याय मिल सके।
गरिमा मेहरा दसौनी ने स्पष्ट किया कि जब तक अंकिता को इंसाफ नहीं मिलता, कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी।
