लालकुआं और बिंदुखत्ता में उत्तरायणी मेले की रौनक, सांस्कृतिक कार्यक्रम व खेल प्रतियोगिताओं ने बांधा समा!
दर्पण न्यूज 24/7
लालकुआं/बिंदुखत्ता। क्षेत्र में उत्तरायणी पर्व का उल्लास चरम पर है। लालकुआं और बिंदुखत्ता में लगे पांच दिवसीय उत्तरायणी मेलों में जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही, वहीं खेल प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दमखम दिखाया। दोनों स्थानों पर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है और मेले में सुबह से देर रात तक चहल-पहल बनी हुई है।
लालकुआं में सांस्कृतिक छटा बिखरी!
लालकुआं में आयोजित ऐतिहासिक उत्तरायणी मेले के दूसरे दिन का शुभारंभ सेंचुरी पेपर मिल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय गुप्ता एवं उपाध्यक्ष नरेश चंद्रा ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने मेले को क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
देर रात तक चले सांस्कृतिक सत्र में प्रसिद्ध लोक कलाकार अमित गोस्वामी, महिपाल मेहता और किरन चोपड़ा की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। स्थानीय महिलाओं द्वारा प्रस्तुत झोड़ा नृत्य ने भी खूब वाहवाही बटोरी। इस दौरान मेला समिति अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बिंदुखत्ता में उत्तरायणी कौतिक की धूम, खेलों में दिखा जोश!
इधर बिंदुखत्ता के जनता इंटर कॉलेज मैदान में शुरू हुए पांच दिवसीय उत्तरायणी कौतिक एवं मेला का शुभारंभ विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट की धर्मपत्नी चंद्रिका बिष्ट ने किया। मेले में पहले दिन कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कबड्डी मुकाबलों में एसकेएम, सिद्धांत सरस्वती एकेडमी, एमएपी स्कूल, एसडी एकेडमी और बिंदुखत्ता पायलट टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में 13 टीमों ने भाग लिया, जिनमें से छह टीमें क्वार्टरफाइनल में पहुंचीं, जबकि शांतिपुरी टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंच गई।
इस दौरान मेला समिति संरक्षक देवी दत्त पांडे, प्रबंधक प्रभात पाल, मेला अधिकारी अजय गर्बयाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
उत्तरायणी पर्व के चलते दोनों जगहों पर उत्साह का माहौल है और आने वाले दिनों में मेले में भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है।
