खबरें शेयर करें -

देखिए वीडियो — सरकारी जमीन पर दिनदहाड़े सेमल के पेड़ों पर चली आरी, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई!
सरकारी भूमि पर चला लकड़ी माफिया का आरा, सेमल के छह विशाल पेड़ काटे — वन विभाग ने मशीन की जब्त!
दर्पण न्यूज 24/7 | किच्छा
किच्छा स्थित प्रयागफार्म में सरकारी भूमि पर बेशकीमती सेमल के विशाल पेड़ों की अवैध कटाई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी कर पेड़ काटने में इस्तेमाल की जा रही इलेक्ट्रिक मशीन जब्त कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर डीएफओ के निर्देश में वन सुरक्षा दल की टीम ने क्षेत्र में दबिश दी। टीम जब मौके पर पहुंची तो सरकारी भूमि पर खड़े सेमल के छह बड़े पेड़ पहले ही काटे जा चुके थे। वन कर्मियों को आता देख मौके पर मौजूद श्रमिक फरार हो गए।
वन विभाग की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अफजाल नामक व्यक्ति द्वारा सरकारी भूमि से पेड़ कटान की अनुमति लिए जाने की बात कही जा रही है। अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर सरकारी भूमि पर पेड़ काटने की अनुमति किस आधार पर और किन परिस्थितियों में दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और अवैध कटान का विरोध करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
छापेमारी टीम में वन सुरक्षा दल प्रभारी नवीन रैकवाल, वन दरोगा धन सिंह अधिकारी, दिनेश पंत, कृष्ण चंद्र शर्मा तथा वाहन चालक चंदन बेदी सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है तथा दोषियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड