खबरें शेयर करें -

एक“जंगल बचेंगे तभी भविष्य महकेगा — वनाग्नि से मुकाबले को तैयार टांडा रेंज”
दर्पण न्यूज 24/7
लालकुआं। फायर सीजन को देखते हुए तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर डिवीजन की टांडा रेंज में वन विभाग पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड में है। वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि कम वर्षा के कारण इस वर्ष वनाग्नि की घटनाएं बढ़ने की आशंका को देखते हुए विभाग द्वारा पहले से ही व्यापक तैयारियां कर ली गई हैं।
वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम के अनुसार रेंज की सभी बीटों में अतिरिक्त फायर वॉचर तैनात किए गए हैं, जो आग लगने की सूचना देने के साथ-साथ प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने का कार्य भी करेंगे। आग को फैलने से रोकने के लिए प्रत्येक बीट क्षेत्र में लगभग 10 से 15 किलोमीटर तक फायर लाइनें मेंटेन की गई हैं, जिससे आग का दायरा सीमित रखा जा सके।
उन्होंने बताया कि वनाग्नि पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वन दरोगा स्तर पर विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त रेंज कार्यालय में क्रू स्टेशन स्थापित किया गया है, जहां तैनात वनकर्मी आग संबंधी सूचनाओं को तत्काल अधिकारियों एवं फायर वॉचरों तक पहुंचा रहे हैं। सूचना मिलते ही विशेष टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना की जाएगी।
वन क्षेत्राधिकारी ने कहा कि विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही स्कूली बच्चों के माध्यम से भी वन संरक्षण एवं आग से बचाव को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आम जनता के सहयोग से वनाग्नि की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
रूप नारायण गौतम ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जंगल या आसपास कहीं भी आग दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें, क्योंकि जन सहयोग के बिना वनाग्नि पर पूर्ण नियंत्रण संभव नहीं है।
👉 दर्पण न्यूज 24/7 — सच के साथ

उत्तराखंड