खबरें शेयर करें -

“शहीद मोहन नाथ गोस्वामी के नाम पर स्टेडियम का वादा क्यों भूली सरकार?” – कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं!
वीर सैनिकों की भूमि उत्तराखंड में शहीदों के सम्मान से जुड़े वादों के अधूरे रहने पर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता और पूर्व प्रदेश प्रवक्ता नितिन पंत ने अशोक चक्र विजेता शहीद मोहन नाथ गोस्वामी के नाम पर स्टेडियम बनाने की घोषणा को अब तक अमल में न लाने पर राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया है।
नितिन पंत ने कहा कि आतंकियों से लोहा लेते हुए कई आतंकवादियों को मार गिराने वाले शहीद मोहन नाथ गोस्वामी ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। ऐसे वीर सपूत पर पूरे प्रदेश को गर्व है, लेकिन दुख की बात है कि उनके सम्मान में की गई घोषणाएं आज भी फाइलों में कैद हैं।
उन्होंने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने शहीद के सम्मान में उनके नाम पर स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनकी शौर्यगाथा से प्रेरणा ले सकें। लेकिन सरकार बदलने के बाद भाजपा शासन में यह महत्वपूर्ण प्रस्ताव ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
पंत ने सवाल उठाया कि आखिर सैनिकों के प्रदेश में शहीद के सम्मान का यह मामला वर्षों से लंबित क्यों है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में सैनिकों और शहीदों का सम्मान करती है तो उसे घोषणाओं को धरातल पर उतारने का साहस भी दिखाना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की कि शहीद मोहन नाथ गोस्वामी के नाम पर स्टेडियम निर्माण का फैसला जल्द लिया जाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं का मनोबल शहीदों की गाथाओं से ही मजबूत होता है और ऐसे स्मारक व खेल परिसर युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
पंत ने कहा कि सैनिकों के प्रदेश में यदि शहीदों के सम्मान से जुड़े फैसले भी वर्षों तक लंबित रहें तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को इस मामले में राजनीतिक संकीर्णता से ऊपर उठकर जल्द ठोस निर्णय लेना चाहिए।

उत्तराखंड