खबरें शेयर करें -

पत्रकार हितों को लेकर हल्द्वानी मीडिया सेंटर में अहम बैठक, समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन!
दर्पण न्यूज 24/7, हल्द्वानी।
पत्रकारों की समस्याओं और उनके हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर गुरुवार को हल्द्वानी मीडिया सेंटर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक केएस चौहान ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार और विभाग पत्रकारों की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि मीडिया कर्मियों की मान्यता नवीनीकरण में आ रही दिक्कतों को विभाग ने गंभीरता से लिया है और इसे जल्द दूर किया जाएगा। साथ ही मृतक पत्रकारों के आश्रित परिवारों को आर्थिक सहायता देने से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों का भी विभागीय स्तर पर समाधान किया जा चुका है।
केएस चौहान ने कहा कि यदि किसी पत्रकार को पत्रकार कल्याण कोष से सहायता नहीं मिल पा रही है तो ऐसे मामलों में मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से नियमानुसार प्रस्ताव भेजना होगा।
बैठक में पत्रकारों ने चिकित्सा सुविधा, पत्रकार मान्यता प्रक्रिया को सरल बनाने, मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए ऋण योजना लागू करने, राज्य अतिथि गृहों में तत्काल आरक्षण की व्यवस्था, पत्रकारों के बच्चों को उच्च शिक्षा में आरक्षण, पूर्व में लागू रेलवे आरक्षण को पुनः शुरू करने और टोल प्लाजाओं में छूट दिए जाने जैसे कई अहम मुद्दे उठाए।
इसके अलावा जिला पत्रकार स्थायी समिति में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से मान्यता प्राप्त पत्रकारों को सदस्य के रूप में शामिल करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
संयुक्त निदेशक चौहान ने कहा कि सूचना विभाग के स्तर पर जिन समस्याओं का समाधान संभव है उन्हें शीघ्र निस्तारित किया जाएगा, जबकि अन्य विभागों से जुड़े मामलों को शासन स्तर पर भेजकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
बैठक का संचालन जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी ने किया। इस दौरान सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित हल्द्वानी, रामनगर और लालकुआं क्षेत्र के पत्रकार तथा विभिन्न पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।सूचना विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।

उत्तराखंड